मार्को यानसन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जड़ा दूसरा टेस्ट अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर मार्को यानसन ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (85) खेली। यह उनके टेस्ट करियर का 5वां और कंगारू टीम के खिलाफ दूसरा ही अर्धशतक रहा। उनकी इस पारी की बदौलत ही प्रोटियाज टीम संकट से उबरने में सफल रही। आइए उनकी पारी और टेस्ट क्रिकेट के आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही यानसन की पारी और साझेदारी?
प्रोटियाज टीम को अपनी पहली पारी में 110 रन के कुल स्कोर पर छठा झटका लग गया था।
उसके बाद बल्लेबाजी पर आए यानसन ने कप्तान तेम्बा बावुमा के साथ धीरे-धीरे पारी को आगे बढ़ाया और फिर तेजी से रन बटोरना शुरू किया।
उन्होंने बावुमा के साथ 7वें विकेट के लिए 132 रन की शतकीय साझेदारी निभाकर टीम को मजबूती दी।
वह अपनी पारी में 100 गेंदों में 9 चौके और 3 छक्कों से 85 रन बनाकर आउट हुए।
करियर
कैसा रहा है यानसन का टेस्ट करियर?
यानसन ने साल 2021 में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 23 टेस्ट की 35 पारियों में 25.67 की औसत से 770 रन बना लिए हैं। इसमें 5 अर्धशतक शामिल है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 93 रन का रहा है।
इसी तरह उन्होंने 40 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 21.43 की औसत और 3.28 की इकॉनमी से 93 विकेट भी चटकाए हैं। इसमें 4 बार 5 विकेट हॉल भी शामिल है।