Page Loader
अजय जडेजा ने धोनी को बताया मर्सिडीज़ तो इस खिलाड़ी को कहा अल्टो

अजय जडेजा ने धोनी को बताया मर्सिडीज़ तो इस खिलाड़ी को कहा अल्टो

लेखन Neeraj Pandey
Feb 04, 2020
11:38 am

क्या है खबर?

भारत ने न्यूजीलैंड को टी-20 सीरीज़ में 5-0 से क्लीन स्वीप किया है। यह न्यूजीलैंड में भारत की पहली टी-20 सीरीज़़ जीत है। इस दौरे पर भारतीय टीम के लिए कई अच्छी बातें रही जिनमें मनीष पाण्डेय की बल्लेबाजी भी शामिल है। बता दें कि अगस्त-सितंबर 2019 मेें वेस्टइंडीज दौरे से अब तक पाण्डेय टी-20 क्रिकेट में आउट नहीं हुए हैं। अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजय जडेजा ने पाण्डेय की तुलना धोनी से करते हुए उनकी तारीफ की। आइए जानें।

बयान

धोनी मर्सिडीज़ तो अल्टो हैं पाण्डेय- जडेजा

जडेजा ने क्रिकबज़ के शो में कहा कि यदि धोनी फिनिशिंग के मर्सिडीज़ वर्जन हैं तो पाण्डेय इसके अल्टो वर्जन हैं। उन्होंने कहा, "18वें ओवर में मैंने उन्हें आउट होते हुए बहुत कम ही बार देखा है। अगर धोनी मर्सिडीज़ वर्जन है तो वह अल्टो वर्जन हैं। खेलने का स्टाइल धोनी जैसा ही है, लेकिन इनके इंजन की ताकत कम है।" जहीर खान ने भी पाण्डेय की खूब तारीफ की थी।

न्यूजीलैंड दौरा

न्यूजीलैंड दौरे पर पाण्डेय ने खेली कुछ अच्छी पारियां

मनीष पाण्डेय ने न्यूजीलैंड दौरे पर खुद को छठे नंबर पर स्थापित करने में कोई कसर नहीं छोड़नी चाही। छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड दौरे पर पाण्डेय ने चार पारियों में 89 रन बनाए और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 150 से ज़्यादा का रहा। चौथे टी-20 में 36 गेंदों में 50 रनों की पारी खेलकर पाण्डेय ने दिखाया था कि वह दबाव के समय में टीम को संभालना भी जानते हैं।

आंकड़े

पांच और छह नंबर पर बेहतरीन रहा है पाण्डेय का प्रदर्शन

32 टी-20 इंटरनेशनल खेल चुके पाण्डेय ने सबसे ज़्यादा 14 पारियां पांच नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए खेली हैं। इन 14 पारियों में पाण्डेय ने आठ बार नाबाद रहते हुए 59 की औसत के साथ 355 रन बनाए हैं। पाण्डेय ने छह नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सात पारियां खेली हैं जिसमें से छह बार नाबाद रहते हुए उन्होंने 115 की औसत के साथ 115 रन बनाए हैं।

एमएस धोनी

धोनी को माना जाता है विश्व क्रिकेट का बेस्ट फिनिशर

85 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके धोनी ने छह नंबर पर सबसे ज़्यादा 32 पारियां खेली हैं। इन 32 पारियों में धोनी ने 14 बार नाबाद रहते हुए 34.67 की औसत से 624 रन बनाए हैं। पांच नंबर पर खेली 26 पारियों में धोनी ने 14 बार नाबाद रहते हुए 40 की औसत के साथ 483 रन बनाए हैं। दुनिया के बेस्ट फिनिशर कहे जाने वाले धोनी सातवें नंबर पर खेली 10 में से सात पारियों में नाबाद रहे हैं।