Page Loader
महेंद्र सिंह धोनी ने आज ही के दिन किया था अंतरराष्ट्रीय डेब्यू, जानिए उनके आंकड़े
महेंद्र सिंह धोनी ने वनडे में बनाए 10,773 रन (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

महेंद्र सिंह धोनी ने आज ही के दिन किया था अंतरराष्ट्रीय डेब्यू, जानिए उनके आंकड़े

Dec 23, 2023
03:24 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आज ही के दिन 2004 में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। उन्होंने 23 दिसंबर को बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने वनडे करियर की शुरुआत की थी। इतना ही नहीं दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने आज ही के दिन 2012 में वनडे क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था। सचिन वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले, दूसरे सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले और सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं।

प्रदर्शन

वनडे में धोनी के आंकड़े

वनडे में धोनी के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 350 मैच की 297 पारियों में 10,773 रन बनाए। इस दौरान उनकी औसत 50.57 की और स्ट्राइक रेट 87.56 की रही। धोनी ने इस प्रारूप में 73 अर्धशतक और 10 शतक लगाए। वनडे में उनका सर्वाधिक स्कोर 183* रन है। वह वनडे में छठे सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। डेब्यू वनडे में धोनी (0) ने 1 गेंद का सामना किया था और वह रन आउट हो गए थे।

प्रदर्शन

सचिन के वनडे करियर पर एक नजर

सचिन ने अपने करियर में खेले 463 वनडे की 452 पारियों में 44.83 की औसत और 86.23 की स्ट्राइक रेट से 18,426 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 96 अर्धशतक और 49 शतक लगे। वनडे में उन्होंने 154 विकेट भी चटकाए हैं। उन्होंने 18 दिसंबर, 1989 को पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने वनडे करियर का आगाज किया था। इसके अलावा सचिन ने 200 टेस्ट की 329 पारियों में 15,921 रन और 1 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 10 रन बनाए।