Page Loader
लंका प्रीमियर लीग: बीच टूर्नामेंट से अचानक वापस पाकिस्तान लौटे शाहिद अफरीदी, ट्वीट करके दी जानकारी

लंका प्रीमियर लीग: बीच टूर्नामेंट से अचानक वापस पाकिस्तान लौटे शाहिद अफरीदी, ट्वीट करके दी जानकारी

Dec 03, 2020
04:47 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान के पूर्व स्टार ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी लंका प्रीमियर लीग (LPL) के बीच से ही अपने देश वापस लौट गए हैं। उन्होंने निजी कारण का हवाला देते हुए पाकिस्तान लौटने का निर्णय किया है। हालांकि, अफरीदी ने आश्वासन दिया कि स्थिति ठीक होने के बाद वह टीम के साथ वापस आ जाएंगे। आपको बता दें कि LPL के पहले सीजन में अफरीदी गॉल ग्लैडिएटर्स टीम की कप्तानी कर रहे हैं।

बयान

अफरीदी ने ट्वीट करके दी जानकारी

अफरीदी ने ट्वीट करके इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट किया, "'दुर्भाग्य से कुछ व्यक्तिगत इमरजेंसी के चलते मैं वापस पाकिस्तान लौट रहा हूं। हालात सामान्य होने के तुरंत बाद LPL में अपनी टीम में शामिल होने के लिए वापस लौटूंगा।"

ट्विटर पोस्ट

अफरीदी का ट्वीट

कप्तानी

अफरीदी को गॉल ग्लैडिएटर्स का कप्तान नियुक्त किया गया था

हाल ही में अफरीदी को गॉल ग्लैडिएटर्स का कप्तान बनाया गया था क्योंकि श्रीलंकाई स्टार लसिथ मलिंगा और पाकिस्तानी विकेटकीपर बल्लेबाज सरफराज अहमद ने लीग से हटने का फैसला किया था। अफरीदी ने लीग की शुरुआत होने से पहले अपनी श्रीलंका की फ्लाइट मिस कर दी थी, जिस कारण उनका शुरुआती कुछ मैच खेल पाना तय नहीं था। हालांकि, उन्हें क्वारंटीन में कुछ छूट मिली, जिससे वह पहले मैच से ही टीम में जुड़ सके थे।

प्रदर्शन

अफरीदी का LPL में प्रदर्शन

शाहिद अफरीदी ने जाफना स्टैलियन्स के खिलाफ महज 23 गेंदों में 58 रन बनाए थे। अपनी पारी में अफरीदी ने 6 छक्के जड़े थे। इसके अलावा अन्य दो मैचों में उन्होंने क्रमशः 12 और 0 के स्कोर बनाए। पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के प्ले-ऑफ मुकाबले हाल ही में खेले गए थे, जिसमें अफरीदी का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। उन्होंने मुल्तान सुल्तांस की ओर से दो मैचों में सिर्फ तीन विकेट लिए थे।

लेखा-जोखा

गॉल ग्लैडिएटर्स का प्रदर्शन

अफरीदी का बीच से ही चले जाना गॉल ग्लैडिएटर्स के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि LPL के पहले सीजन में ग्लैडिएटर्स ने अपने शुरुआती तीनों मैचों में हार का सामना किया है। वह अंक तालिका में अंतिम स्थान पर है। इसके अलावा अफरीदी के वापस लौटने की स्थिती भी अभी कुछ स्पष्ट नहीं है। LPL में कोलम्बो, कैंडी, गॉल, दांबुला और जाफना के नाम की पांच टीमें हिस्सा​ ले रही हैं। इसका फाइनल मुकाबला 16 दिसंबर को खेला जाएगा।