Page Loader
मेसी ने तोड़ा रोनाल्डो का रिकॉर्ड, बने टॉप-5 यूरोपियन लीग्स में सर्वाधिक गोल दागने वाले खिलाड़ी
लियोनल मेसी ने हासिल की बड़ी उपलब्धि (फोटो: ट्विटर/@PSG_English)

मेसी ने तोड़ा रोनाल्डो का रिकॉर्ड, बने टॉप-5 यूरोपियन लीग्स में सर्वाधिक गोल दागने वाले खिलाड़ी

Feb 02, 2023
04:44 pm

क्या है खबर?

लियोनल मेसी ने पेरिस सेंट जर्मेन (PSG) की मोंटपिलियर के खिलाफ 3-1 की जीत में एक गोल दागा था। यह यूरोप की टॉप-5 लीग्स में मेसी का 697वां गोल है। इसके साथ ही वह टॉप-5 लीग्स में सर्वाधिक गोल दागने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। मेसी ने क्रिस्टियानो रोनाल्डो (696) के रिकॉर्ड को तोड़ा है। रोनाल्डो फिलहाल यूरोप में खेल नहीं रहे हैं तो उनके पास मेसी को पीछे छोड़ने का मौका भी नहीं है।

करियर

उपलब्धियों से भरा रहा है दोनों खिलाड़ियों का करियर

रोनाल्डो और मेसी के बीच लंबे समय से प्रतिद्वंदिता चलती आ रही है। मेसी ने सात तो वहीं रोनाल्डो ने पांच बार बैलन डे ऑर खिताब जीता है। रोनाल्डो ने चैंपियन्स लीग में सर्वाधिक 140 गोल दागे हैं तो वहीं मेसी (129) दूसरे स्थान पर हैं। एक्टिव खिलाड़ियों में रोनाल्डो ने सर्वाधिक 60 हैट्रिक लगाए हैं तो वहीं मेसी (56) इस मामले में भी दूसरे स्थान पर हैं। रोनाल्डो अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सर्वाधिक गोल (118) दागने वाले खिलाड़ी हैं।