IPL 2020: मुंबई इंडियंस को बड़ा झटका, इस सीजन नहीं खेलेंगे लसिथ मलिंगा

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 13वें सीजन के शुरु होने से पहले ही एक से बड़ी एक खबरों के आने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। सुरेश रैना के चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) छोड़कर भारत लौट जाने के बाद अब मुंबई इंडियंस (MI) को एक बड़ा झटका लगा है। दरअसल, IPL के सबसे अधिक विकेट लेने वाले लसिथ मलिंगा निजी कारणों से इस सीजन से बाहर हो गए है।
मुंबई इंडियंस ने अपने बयान में बताया कि मलिंगा ने इस सीजन नहीं खेल पाने की बात कही और फ्रेंचाइजी ने उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया है। मलिंगा निजी कारणों से यह सीजन नहीं खेलेंगे क्योंकि वह श्रीलंका में अपने परिवार के साथ रहना चाहते हैं। पिछले महीने से ही रिपोर्ट्स आ रही थी कि उनके पिता की तबीयत खराब है और इस कारण मलिंगा IPL मिस कर सकते हैं।
मलिंगा ने पिछले साल चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ फाइनल में आखिरी ओवर फेंकते हुए शानदार प्रदर्शन किया था। आखिरी ओवर में आठ रन बचाते हुए मलिंगा ने पहली पांच गेंदों पर सात रन दिए और अंतिम गेंद पर विकेट लेकर MI को एक रन से मैच जिता दिया। उसी मैच में मलिंगा ने अपने पहले तीन ओवरों में ही 42 रन लुटा दिए थे, लेकिन आखिरी ओवर में उनका अनुभव काम आया।
मलिंगा की जगह MI ने ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जेम्स पैटिंसन को साइन किया है जो इस वीकेंड अबु धाबी में MI के बेस कैंप से जुड़ेंगे। टीम मालिक आकाश अंबानी ने पैटिंसन का स्वागत करने के अलावा मलिंगा को अपना समर्थन भी दिया है। उन्होंने कहा, "जेम्स हमारे लिए उचित विकल्प हैं और हमारे तेज गेंदबाजी आक्रमण को वह विकल्प प्रदान करते हैं। खास तौर से हम जिन परिस्थितियों में खेलेंगे।"
ऑस्ट्रेलिया के लिए चार टी-20 मैच खेल चुके 30 वर्षीय पैटिंसन ने अब तक IPL नहीं खेला है। अपने पहले सीजन में वह पूरी तरह से छाप छोड़ने की कोशिश करेंगे।
मलिंगा IPL 2020 छोड़ने वाले पांचवें क्रिकेटर हैं। सबसे पहले क्रिस वोक्स ने IPL से हटने का निर्णय लिया था। जेसन रॉय ने भी अपने हमवतन वोक्स की राह पकड़ी और IPL 2020 को अलविदा कह दिया। केन रिचर्डसन भी IPL नहीं खेलेंगे। इसके बाद भारतीय सुरेश रैना भारत लौट गए। हालांकि, रैना ने अब वापसी करने के भी संकेत दिए हैं। बेन स्टोक्स के पिता की तबीयत भी खराब है और वह भी IPL 2020 छोड़ सकते हैं।