Page Loader
IPL 2020: KKR को हराकर चौथे स्थान पर पहुंची KXIP, जानें मैच में बने रिकॉर्ड्स

IPL 2020: KKR को हराकर चौथे स्थान पर पहुंची KXIP, जानें मैच में बने रिकॉर्ड्स

लेखन Neeraj Pandey
Oct 26, 2020
11:02 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 46वें मुकाबले में किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) ने कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) को आठ विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही KXIP 12 अंकों के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर आ गई है। पहले बल्लेबाजी करते हुए KKR ने शुभमन गिल (57) की बदौलत 149/9 का स्कोर बनाया था। स्कोर का पीछा करते हुए KXIP ने मंदीप सिंह (66*) की बदौलत मैच जीत लिया। जानें मैच में बने रिकॉर्ड्स।

दिनेश कार्तिक

300वें टी-20 में कार्तिक के नाम हुए कई अनचाहे रिकॉर्ड्स

दिनेश कार्तिक 300 टी-20 खेलने वाले चौथे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। IPL के एक सीजन में टॉप-5 पोजीशन में बल्लेबाजी करते हुए आठ बार दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाने वाले कार्तिक चौथे बल्लेबाज बने हैं। इसके अलावा IPL में कार्तिक संयुक्त रूप से चौथे सबसे अधिक बार शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाज भी बने हैं। यह 10वां मौका था जब कार्तिक IPL में खाता खोले बिना आउट हुए हैं।

मंदीप और गेल

मंदीप और गेल ने पूरे किए KXIP के लिए 1,000 रन

मंदीप सिंह और क्रिस गेल ने KXIP के लिए अपने-अपने 1,000 रन पूरे कर लिए हैं। इन दोनों से पहले छह अन्य बल्लेबाजों ने भी KXIP के लिए 1,000 या उससे अधिक रन बनाए हैं। मंदीप को KXIP के लिए 1,000 रन पूरे करने के लिए 59 तो वहीं गेल को केवल 29 मैच ही लगे हैं। वर्तमान समय के खिलाड़ियों में केएल राहुल (1,847) ने KXIP के लिए सबसे अधिक रन बनाए हैं।

जानकारी

गेल ने लगाया सीजन का दूसरा अर्धशतक

क्रिस गेल नौवें ओवर में बल्लेबाजी करने आए और उन्होंने 25 गेंदों में अर्धशतक लगाकर अपनी टीम को जीत की राह दिखाई। इस सीजन यह गेल का दूसरा अर्धशतक है। उन्होंने 29 गेंदों में 51 रन बनाए जिसमें पांच छक्के शामिल रहे।

लेखा-जोखा

इस तरह KXIP ने हासिल की जीत

पहले बल्लेबाजी करते हुए KKR ने 10 के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इयोन मोर्गन (25 गेंद, 40 रन) और गिल (57) ने स्कोर 91 तक पहुंचाया। शमी (35/3) और बिश्नोई (20/2) के शानदार प्रदर्शन के आगे KKR आखिरी नौ ओवर्स में केवल 38 रन ही बना सकी। स्कोर का पीछा करते हुए KXIP ने मंदीप (66*) और गेल (29 गेंद, 51 रन) की बदौलत आसानी से मुकाबला जीत लिया।

अंक तालिका

चौथे स्थान पर पहुंची KXIP

लगातार पांचवीं जीत हासिल करने के बाद KXIP चौथे स्थान पर आ गई हैं। 12 मैचों में उनके 12 अंक हैं। KKR के पास भी 12 मैचों में 12 अंक हैं, लेकिन KXIP का रन रेट उनसे बेहतर है। MI, DC और RCB के पास 11-11 मैचों में 14-14 अंक हैं। MI बेहतर रन रेट के कारण पहले स्थान पर है। 12 में से आठ मैच गंवाने वाली CSK लीग से बाहर होने वाली पहली टीम है।