Page Loader
कुलदीप यादव का इस साल वनडे क्रिकेट में कैसा रहा प्रदर्शन? जानिए उनके आंकड़े 
कुलदीप यादव साल 2023 में कमाल के फॉर्म में हैं (तस्वीर: एक्स/ @imkuldeep18)

कुलदीप यादव का इस साल वनडे क्रिकेट में कैसा रहा प्रदर्शन? जानिए उनके आंकड़े 

Dec 26, 2023
06:23 pm

क्या है खबर?

कुलदीप यादव के लिए साल 2023 कमाल का रहा है। वनडे क्रिकेट हो या फिर टी-20 क्रिकेट उन्होंने अपनी घूमती हुई गेंदों से कई दिग्गज बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा है। वह साल 2023 में भारत के लिए सबसे ज्यादा वनडे विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। इस साल खेले गए वनडे विश्व कप में भी कुलदीप की खतरनाक गेंदों ने बल्लेबाजों को काफी परेशान किया था। ऐसे में आइए उनके इस साल के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

साल

साल 2023 में कुलदीप के आंकड़े 

कुलदीप साल 2023 में सबसे ज्यादा वनडे विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज हैं। उन्होंने 30 मुकाबलों की 29 पारियों में गेंदबाजी की है और 49 विकेट झटके हैं। उनकी औसत इस साल 20.48 की रही है। उन्होंने साल 2023 में 2 बार 4 विकेट हॉल और 1 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/25 विकेट का रहा है। कुलदीप ने इस साल सिर्फ 4.61 की इकॉनमी रेट से गेंदबाजी की है।

विश्व कप

वनडे विश्व कप 2023 में कैसा रहा कुलदीप का प्रदर्शन?

वनडे विश्व कप 2023 में कुलदीप के खिलाफ रन बनाना हर बल्लेबाज के लिए मुश्किल था। उन्होंने पूरे विश्व कप में सिर्फ 4.45 की इकॉनमी रेट से गेंदबाजी की थी। कुलदीप ने 11 मैच में 28.26 की औसत से 15 विकेट झटके थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2/7 का रहा था। हर टीम कुलदीप के खिलाफ एक ही रणनीति से उतरती थी। वह उनके ओवर आराम से खत्म कर देते थे और उसके बाद तेजी से रन बनाते थे।

विकेट

पाकिस्तान के खिलाफ झटके 5 विकेट 

एशिया कप 2023 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ कुलदीप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके थे। कोलंबो में खेले गए उस मैच में जीत के लिए मिले 357 रन के पहाड़ से लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तानी टीम महज 128 रन ही बना सकी थी। कुलदीप ने फखर जमान, आगा सलमान, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान और फहीम अशरफ को आउट किया था। उन्होंने 8 ओवर में 25 रन देते हुए कुल 5 विकेट लिए थे।

करियर

कैसा रहा है कुलदीप का वनडे करियर?

कुलदीप ने वनडे क्रिकेट में पहला मैच साल 2017 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। वह अब तक भारत के लिए 103 मैच खेल चुके हैं। इसकी 100 पारियों में उन्होंने 26.01 की औसत से 168 विकेट लिए हैं। उनकी इकॉनमी रेट इस दौरान 5.05 की रही है। कुलदीप का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इस दौरान 6/25 का रहा है। उन्होंने अपने वनडे करियर में 7 बार 4 विकेट हॉल और 3 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं।