Page Loader
#KXIPvRCB: काम नहीं आई गेल की रिकॉर्ड पारी, कोहली-डिविलियर्स की बदौलत RCB ने KXIP को हराया

#KXIPvRCB: काम नहीं आई गेल की रिकॉर्ड पारी, कोहली-डिविलियर्स की बदौलत RCB ने KXIP को हराया

लेखन Neeraj Pandey
Apr 13, 2019
11:39 pm

क्या है खबर?

IPL 2019 के 28वें मुकाबले में RCB ने KXIP को 8 विकेट से हरा दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए KXIP ने क्रिस गेल की नाबाद 99 रनों की पारी की बदौलत 173 रनों का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी RCB को कप्तान विराट कोहली (67) ने शानदार शुरुआत दिलाई और एबी डिविलियर्स के साथ मिलकर जीत दिलाई। जानें, मैच में बने कुछ रिकॉर्ड और दिलचस्प आंकड़ों के बारे में।

क्रिस गेल

IPL में 99 पर नाबाद रहने वाले दूसरे बल्लेबाज बने गेल

यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल ने मोहम्मद सिराज को एक ही ओवर में 24 रन कूट दिए। गेल ने 10 चौकों और पांच छक्कों की बदौलत 64 गेंदों में 99 रनों की नाबाद पारी खेली। IPL इतिहास में 99 पर नाबाद रहने वाले गेल दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। 2013 में सुरेश रैना भी 99 पर नाबाद रहे थे। विराट कोहली और रैना 2013 तो वहीं पृथ्वी शॉ और क्रिस गेल IPL में 99 रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

अर्धशतक

टी-20 में 100 अर्धशतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बने गेल

IPL में गेल के नाम छह शतक दर्ज हैं और आज वह अपना सातवां शतक लगाने से मात्र एक रन से चूक गए और 99 पर नाबाद रहे। हालांकि, गेल ने टी-20 में अर्धशतकों का शतक पूरा कर लिया है और ऐसा करने वाले वह दुनिया के पहले बल्लेबाज हैं। गेल के बाद डेविड वॉर्नर (73) के नाम टी-20 में सबसे ज़्यादा अर्धशतक दर्ज हैं। विराट कोहली (63) इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं।

जानकारी

छक्का लगाते ही आउट हुए पंजाब के तीन बल्लेबाज

केएल राहुल ने चहल को छक्का मारा और अगली गेंद पर स्टंपिंग हो गए। मयंक अग्रवाल ने चहल को छक्का मारा और अगली गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। सरफराज खान ने मोहम्मद सिराज को छक्का मारा और अगली गेंद पर वह भी आउट हुए।

कोहली

टी-20 में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने कोहली

इस सीजन लगातार छह हार झेल चुकी बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली ने पंजाब के खिलाफ 53 गेंदों में 67 रनों की शानदार पारी खेली। कोहली ने अपनी पारी में आठ चौके लगाए। इस दौरान कोहली ने IPL करियर का 36वां अर्धशतक लगाया। वर्तमान समय में कोहली टी-20 में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। सुरेश रैना (8145) इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर आ गए हैं।

कोहली-डिविलियर्स

IPL में सबसे ज़्यादा रनों की साझेदारी करने वाली जोड़ी बनी कोहली-डिविलियर्स

कोहली और डिविलियर्स ने बैंगलोर के लिए दूसरे विकेट के लिए 85 रनों की साझेदारी की। इसी के साथ कोहली और डिविलियर्स ने IPL में 2788 रनों की साझेदारी पूरी कर ली और IPL में सबसे ज़्यादा रनों की साझेदारी करने वाली जोड़ी बन गई। कोहली और डिविलियर्स ने कोहली और क्रिस गेल को पीछे छोड़ा जिन्होंने 2787 रनों की साझेदारी की थी। डेविड वॉर्नर और शिखर धवन ने 2357 रनों की साझेदारी की थी।