LOADING...
टेस्ट क्रिकेट: जानिए कब-कब इंग्लैंड में एक सीरीज में 3 मेहमान बल्लेबाजों ने 500+ रन बनाए 
इंग्लैंड में राहुल और गिल ने बनाए खूब रन (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

टेस्ट क्रिकेट: जानिए कब-कब इंग्लैंड में एक सीरीज में 3 मेहमान बल्लेबाजों ने 500+ रन बनाए 

Aug 06, 2025
03:08 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच खेली गई 5 मैचों की टेस्ट सीरीज 2-2 से बराबरी पर समाप्त हुई। शुभमन गिल की अगुआई वाली भारतीय टीम ने एजबेस्टन और ओवल टेस्ट को जीतने में सफलता हासिल की। इस एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 में भारत से 3 बल्लेबाजों ने 500+ रन बनाए। इस बीच इंग्लैंड में हुई उन सीरीज के बारे में जानते हैं, जिनमें 3 मेहमान बल्लेबाजों ने 500+ रन बनाए हैं।

#1 

भारत बनाम इंग्लैंड (2025)

भारतीय कप्तान गिल ने सीरीज में 5 मुकाबले खेले और इसकी 10 पारियों में 75.40 की उम्दा औसत के साथ 754 रन बनाने में सफल रहे। उन्होंने सर्वाधिक 4 शतक भी लगाए। भारत के अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल ने 10 पारियों में 53.20 की औसत के साथ 532 रन बनाए। दिग्गज ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने 10 पारियों में 86.00 की औसत के साथ 516 रन बनाए, जिसमें 1 शतक शामिल रहा।

#2 

ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड (1989)

ऑस्ट्रेलिया ने एशेज 1989 में इंग्लैंड को 4-0 से करारी शिकस्त दी थी। ऑस्ट्रेलिया की इस जोरदार जीत में मार्क टेलर, डीन जोन्स और स्टीव वॉ की अहम भूमिका रही थी। टेलर ने 11 पारियों में 83.90 की औसत के साथ 839 रन बनाए थे। वह सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। जोन्स ने 70.75 की औसत के साथ 566 और स्टीव ने 126.50 की औसत के साथ 506 रन बनाए थे।

#3 

वेस्टइंडीज बनाम इंग्लैंड (1976)

वेस्टइंडीज ने 1976 में इंग्लैंड का दौरा किया था। उस दौरे में कैरेबियाई टीम से विवियन रिचर्ड्स, गॉर्डन ग्रीनिज और आर फ्रेडरिक्स ने 500 से अधिक रन बनाए थे। रिचर्ड्स ने 7 पारियों में 118.42 की औसत के साथ 829 रन बनाए थे। ग्रीनिज ने 10 पारियों में 65.77 की औसत के साथ 592 रन अपने नाम किए थे। फ्रेडरिक्स ने 10 पारियों में 57.44 की औसत से 517 रन बनाए थे।

#4 

दक्षिण अफ्रीका बनाम इंग्लैंड (1947)

दक्षिण अफ्रीका के डडली नोर्स ने इंग्लैंड दौरे पर खेली गई टेस्ट सीरीज में कमाल का प्रदर्शन किया था। उन्होंने 9 पारियों में 69.00 की औसत के साथ 621 रन बनाए थे। उनके साथी बल्लेबाज ब्रूस मिचेल ने 10 पारियों में 66.33 की औसत से 597 रन अपने नाम किए थे। वहीं प्रोटियाज टीम के एलन मेलविल ने 569 रन बनाए थे। दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों के उम्दा प्रदर्शन के बावजूद इंग्लैंड ने वो सीरीज 3-0 से जीती थी।