LOADING...
केएल राहुल ने 10 महीने से नहीं खेला टेस्ट, क्या दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिलेगा मौका? 
केएल राहुल टेस्ट टीम में वापसी तय मानी जा रही है (तस्वीर: एक्स/@ICC)

केएल राहुल ने 10 महीने से नहीं खेला टेस्ट, क्या दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिलेगा मौका? 

Nov 30, 2023
02:47 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल वनडे और टी-20 क्रिकेट में लगातार भारत के लिए खेलते आए हैं। हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने अपना आखिरी मुकाबला 17 फरवरी, 2023 को खेला था। पिछले 10 महीने से वह भारतीय टीम के लिए एक भी टेस्ट मैच नहीं खेल पाए हैं। अगले महीने भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर जाने वाली है, जहां उन्हें टीम में मौका दिया जा सकता है। ऐसे में उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

संभावना

क्यों मिल सकता है राहुल को मौका?

राहुल को दक्षिण अफ्रीका में खेलने का अनुभव है। वह वहां टेस्ट क्रिकेट में शतक भी लगा चुके हैं। ऐसे में चयनकर्ता उन्हें मौका दे सकते हैं। दक्षिण अफ्रीका की सरजमीं पर राहुल ने पहला टेस्ट मैच साल 2018 में खेला था। उन्होंने वहां अब तक 5 मुकाबले खेले हैं और इसकी 10 पारियों में 25.60 की औसत से 256 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 1 शतक और 1 अर्धशतक भी निकला है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 123 रन है।

कारण

खराब फॉर्म के कारण टेस्ट टीम से बाहर हुए थे राहुल 

राहुल साल 2021 तक टेस्ट क्रिकेट में अच्छी फॉर्म में थे, लेकिन उसके बाद उनका प्रदर्शन गिरता गया। साल 2022 में वह 4 टेस्ट की 8 पारियों में सिर्फ 137 रन पाए थे। इस साल फरवरी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए 2 टेस्ट मैचों में भी वह 3 पारियों में सिर्फ 38 रन ही बना पाए थे। यही कारण रहा कि उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने आखिरी शतक 2021 में ही लगाया था।

क्षमता

तेज गेंदबाजों को अच्छा खेलते हैं राहुल 

दक्षिण अफ्रीका में तेज गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है। ऐसे में राहुल के लिए बल्लेबाजी करना थोड़ा आसान होगा। वह तेज गेंदबाजों को बेहतर खेलते हैं। उन्हें पुल, कट और कवर ड्राइव लगाना बेहद पसंद है। नई गेंद जो ज्यादा स्विंग करती है उसे वह छोड़ते भी हैं, जिससे गेंद पुरानी होने पर अच्छे से बैट पर आती है। इंग्लैंड में स्विंग होती हुई पिचों पर इस खिलाड़ी ने 9 टेस्ट में 2 शतक लगाए हैं।

करियर

कैसा रहा है राहुल का टेस्ट करियर?

राहुल ने अपना पहला टेस्ट साल 2014 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने 47 मुकाबले खेले हैं और इसकी 81 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 2,642 रन बनाए हैं। उनका औसत 33.44 का रहा है और उन्होंने 7 शतक और 13 अर्धशतक लगाए हैं। राहुल का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 199 रन रहा है। वह अपने टेस्ट करियर में 2 बार नाबाद भी रहे हैं। राहुल को विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में भी मौका मिल सकता है।