पहला टेस्ट: इंग्लैंड के खिलाफ केएल राहुल अपने 9वें शतक से चूके, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज केएल राहुल ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टेस्ट में कमाल की पारी खेलते हुए 86 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वह सिर्फ 14 रन से अपना 9वां शतक नहीं बना पाए।
उन्होंने एक छोर संभाले रखा और खराब गेंद पर बड़े-बड़े शॉट लगाए। उनके अलावा सिर्फ यशस्वी जायसवाल (80) ने अर्धशतकीय पारी खेली। इंग्लैंड के गेंदबाजों का सामना इस खिलाड़ी ने बहुत ही साहस के साथ किया।
आइए उनकी पारी पर नजर डालते हैं।
पारी
राहुल की पारी और साझेदारी पर एक नजर
राहुल ने मैच में 123 गेंद का सामना करते हुए 86 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 2 छक्के लगाए। उनकी स्ट्राइक रेट 69.92 की रही।
राहुल ने शुभमन गिल के साथ 36 और श्रेयस अय्यर के साथ 64 रन की साझेदारी निभाई।
इसके बाद उन्होंने रविंद्र जडेजा के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया और दोनों ने 74 गेंद में 65 रन जोड़े।
शतक
इंग्लैंड के खिलाफ कमाल के हैं राहुल के आंकड़े
राहुल का बल्ला इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में खूब चलता है। उन्होंने अब तक 13 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 23 पारियों में 40.56 की औसत से 933 रन बनाए हैं।
उनके बल्ले से 3 शतक और 2 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 199 रन रहा है।
राहुल ने अपने टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा रन इंग्लैंड के खिलाफ ही बनाए हैं। दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम (618) है।
करियर
ऐसा रहा है राहुल का टेस्ट करियर
राहुल ने अपना पहला टेस्ट साल 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 50 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 85 पारियों में लगभग 35 की औसत से 2,841 रन बनाने में कामयाब रहे हैं।
उनके बल्ले से 8 शतक और 14 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 199 रन रहा है। वह अपने टेस्ट करियर में 3 बार नाबाद भी रहे हैं।
राहुल की स्ट्राइक रेट टेस्ट में 50 से ज्यादा की रही है।
रिकॉर्ड
भारतीय सरजमीं पर पूरे किए 1,000 रन
राहुल ने अपनी इस अर्धशतकीय पारी के दौरान एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उन्होंने भारतीय सरमजीं पर टेस्ट क्रिकेट में 1,000 रन पूरे कर लिए।
उन्होंने यहां 17 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 26 पारियों में 43.00 से ज्यादा की औसत से रन बनाए हैं।
उन्होंने भारतीय सरजमीं पर 1 शतक और 9 अर्धशतक लगाए हैं। वह 3 बार नाबाद भी रहे हैं। कर्नाटक के इस बल्लेबाज ने भारत में पहला टेस्ट साल 2016 में खेला था।