LOADING...
टी-20 में 11 देशों के खिलाफ अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय बने केएल राहुल, जानिए आंकड़े
राहुल ने लगाया 19वां अर्धशतक (तस्वीर: ट्विटर/@klrahul)

टी-20 में 11 देशों के खिलाफ अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय बने केएल राहुल, जानिए आंकड़े

Sep 29, 2022
10:44 am

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम ने पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दक्षिण अफ्रीका को आठ विकेट से हरा दिया। जीत के लिए मिले 107 रनों के लक्ष्य को भारत ने सूर्यकुमार यादव (50*) और केएल राहुल (51*) के अर्धशतक की मदद से हासिल कर लिया। यह राहुल का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला अर्धशतक है और वह 11 अलग-अलग देशों के खिलाफ अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उनके द्वारा बनाए रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

अर्धशतक

राहुल ने इन 11 देशों के खिलाफ लगाए हैं अर्धशतक

राहुल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेला और उसमें ही अर्धशतक लगा दिया। उन्होंने खेल के सबसे छोटे प्रारूप में सर्वाधिक तीन-तीन अर्धशतक ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के खिलाफ लगाए हैं। वहीं वेस्टइंडीज और अफगानिस्तान के खिलाफ उन्होंने दो-दो अर्धशतक जड़े हैं। इनके अलावा राहुल ने बांग्लादेश, इंग्लैंड, आयरलैंड, नामीबिया और स्कॉटलैंड के खिलाफ एक-एक अर्धशतक लगाए हैं। वह पाकिस्तान के विरुद्ध कोई अर्धशतक नहीं लगा सके हैं।

अनचाहा रिकॉर्ड

राहुल ने बनाया ये अनचाहा रिकॉर्ड

दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजों के सामने राहुल ने धीमी शुरुआत की। उन्होंने संभलकर बल्लेबाजी की और शुरुआती 31 गेंदों में सिर्फ 14 रन बनाए थे। हालांकि, उन्होंने आगे बढ़ते मैच के साथ अपनी रन गति में भी इजाफा किया। राहुल ने 56 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में किसी भी टेस्ट खेलने वाले देश के बल्लेबाज का सबसे धीमा अर्धशतक हो गया है। इससे पहले ये रिकॉर्ड गौतम गंभीर (54 गेंद) के नाम था।

Advertisement

करियर

राहुल ने लगाया 19वां अर्धशतक

राहुल ने 56 गेंदों में दो चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 51 रन बनाए। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 19वां अर्धशतक है। खेल के सबसे छोटे प्रारूप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने अब तक 39.24 की औसत और 139.22 की स्ट्राइक रेट से 2,080 रन अपने नाम कर लिए हैं। इस बीच उन्होंने दो शतक भी लगाए हैं। वह अब तक 87 छक्के भी लगा चुके हैं।

Advertisement

पहला टी-20

भारत ने आठ विकेट से जीता मैच

अर्शदीप सिंह और दीपक चाहर की घातक गेंदबाजी के सामने दक्षिण अफ्रीका ने महज नौ के स्कोर तक अपने पांच विकेट गंवा दिए। मुश्किल परिस्थितियों में बल्लेबाजी के लिए आए केशव महाराज ने 35 गेंदों में 41 रन बनाकर टीम का स्कोर 106/8 तक पहुंचाया। अर्शदीप ने 32 रन देकर तीन विकेट लिए। जवाब में भारत ने रोहित (0) और कोहली (3) के विकेट सस्ते में गंवा दिए। हालांकि, सूर्यकुमार (50*) और राहुल (51*) ने भारत की जीत सुनिश्चित की।

Advertisement