हार्दिक पांड्या की चोटों पर कपिल देव की सलाह, कहा- ज्यादा से ज्यादा क्रिकेट खेलो
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या पिछले कुछ समय से चोटों से परेशान चल रहे हैं। उन्हें इंडिया-A की टीम में ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ घरेलू सीरीज में चुना गया था, लेकिन फिटनेस के चलते वह बाहर हो गए। बता दें कि पांड्या इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के बाद से कोई मैच नहीं खेल सके हैं। अब पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने पांड्या की चोट पर प्रतक्रिया दी है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा है।
बयान
जितना ज्यादा खेलोगे, उतना बेहतर होगा- कपिल देव
कपिल ने सुझाव दिया कि पांड्या को ज्यादा से ज्यादा मैच खेलना चाहिए और इसके चलते उनकी फिटनेस में सुधार हो सकता है।
भारत के वनडे विश्व कप 1983 के विजेता कप्तान कपिल ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा, "जितना ज्यादा खेलोगे, शरीर उतना ही उसके अनुकूल हो जाता है। लेकिन कम खेलकर अचानक ज्यादा खेलने से चोट लगने की संभावना बढ़ जाती है। मांसपेशियां ठीक रहें तो चोटें कम होती हैं।"
बयान
कपिल ने अपने दिनों का दिया उदाहरण
कपिल के अनुसार, नियमित क्रिकेट खेलने से खिलाड़ी का शरीर खेल की मांगों का आदी बना रहता है।
कपिल ने अपने समय का जिक्र करते हुए कहा, "संदीप पाटिल ने बहुत अच्छी बात कही थी। हमारे समय में हम रणजी ट्रॉफी, दलीप ट्रॉफी, क्लब क्रिकेट और दूसरे क्रिकेट भी खेलते रहते थे। साल के 365 दिनों में अगर 250 दिन खेल सको तो तुम्हारा शरीर खेल में बना रहता है।"
चोट
IPL 2026 से नहीं खेले हैं पांड्या
पांड्या पिछले कई महीनों से लगातार चोटों और फिटनेस समस्याओं के कारण मैदान से दूर हैं।
उन्होंने अपना आखिरी प्रतिस्पर्धी मैच 24 मई को IPL 2026 में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए खेला था। इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से ठीक पहले भी वह मांसपेशियों में खिंचाव के कारण बाहर हो गए थे।
इसी चोट के कारण वह अफगानिस्तान सीरीज, आयरलैंड और इंग्लैंड के अहम दौरे से बाहर रह चुके हैं।
टीम
चोटिल खिलाड़ियों से परेशान है भारतीय टीम
पिछले कुछ समय से भारतीय टीम चोटों की समस्या से जूझ रही है। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा कम से कम 3 हफ्तों के लिए बाहर हैं।
वह वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान चोटिल हो गए थे।
तेज गेंदबाज हर्षित राणा की भी फिटनेस की समस्या बरकरार है। उनके न्यूजीलैंड दौरे के लिए चयनित होने की संभावना कम है।
इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज और 2026 के एशियाई खेल से भी चोट के कारण बाहर रहे थे।