कपिल देव ने वैभव सूर्यवंशी को दी नसीहत, कहा- सिर्फ प्रतिभा से नहीं चलेगा काम
क्या है खबर?
युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने अपनी प्रतिभा से क्रिकेट जगत को प्रभावित किया है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में 750 से अधिक रन बनाने के बाद सूर्यवंशी ने भारत की ओर से टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेल लिए हैं। उन्हें भविष्य का बड़ा खिलाड़ी माना जाता है। इस बीच कपिल देव ने सूर्यवंशी को लेकर कहा कि उनके भविष्य के बारे में अभी कोई बड़ी भविष्यवाणी करना अभी जल्दबाजी होगी। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा है।
बयान
कपिल ने विनोद कांबली का दिया उदाहरण
कपिल ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा, "अभी बहुत जल्दी है। क्या उनमें क्षमता है? हां। लेकिन क्रिकेट में बहुत से ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी आए जो फीके पड़ गए। विनोद कांबली को देखो। उनके बारे में हम क्या कहेंगे।"
बता दें कि कांबली को भारतीय टीम को भविष्य के बड़े सितारे के तौर पर देखा जाता था, लेकिन वह अपने करियर को निरंतरता से सही नहीं रख सके थे।
उन्होंने भारत से सिर्फ 17 टेस्ट और 104 वनडे खेले थे।
बयान
वैभव को अभी 3 साल और दीजिए फिर देखेंगे- कपिल देव
पूर्व भारतीय कप्तान कपिल ने कहा, "वैभव अभी 15 साल के हैं। उन्हें 3 साल और दीजिए, फिर हम बात करेंगे। जीवनशैली बदलने पर सोच भी बदलती है। तब पता चलेगा कि वैभव आगे कैसा दिखेगा। यह उनके प्रदर्शन से भी अहम रहने वाला है।"
कपिल ने आगे कहा कि वह ऐसे खिलाड़ी की तलाश में रहते हैं जो 15 साल तक खेले। वह विराट कोहली और रोहित शर्मा के बाद अगले बड़े नाम को भी देखना चाहते हैं।
IPL
वैभव ने IPL 2026 में किया था कमाल
RR के लिए सूर्यवंशी ने IPL 2026 में कमाल का प्रदर्शन किया था।
उन्होंने 16 मुकाबलों में कुल 776 रन बनाए, जिसमें एक शतक और 5 अर्धशतक शामिल रहे थे।
वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
वैभव ने इस सीजन में रिकॉर्ड 72 छक्के लगाए और वह एक IPL सीजन में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बने थे।
उन्होंने पूर्व दिग्गज क्रिस गेल का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा। गेल ने IPL 2012 में 59 छक्के लगाए थे।
करियर
भारत से 8 टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेल चुके हैं सूर्यवंशी
सूर्यवंशी ने इसी साल इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपना डेब्यू किया।
महज 15 साल की उम्र में मैदान पर उतरते ही उन्होंने इतिहास रच दिया था।
वह भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए थे।
अब तक उन्होंने 8 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 30.75 की औसत और 186.36 की स्ट्राइक रेट के साथ 246 रन बनाए हैं।