Loading...
काजल ढोचक ने जीता लगातार दूसरा अंडर-20 विश्व कुश्ती खिताब, तन्नू और सविता को रजत
काजल ढोचक (दाएं) ने जीता लगातार दूसरा अंडर-20 विश्व कुश्ती खिताब

काजल ढोचक ने जीता लगातार दूसरा अंडर-20 विश्व कुश्ती खिताब, तन्नू और सविता को रजत

Aug 21, 2026
06:27 pm

क्या है खबर?

स्लोवाकिया के ब्रातिस्लावा में खेली जा रही अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2026 में भारत की 18 वर्षीय सनसनी काजल ढोचक ने महिलाओं के 76 किलोग्राम भार वर्ग में चीनी चुनौती को ध्वस्त करते हुए लगातार दूसरी बार खिताब हासिल किया। काजल अब दिग्गज पहलवान अंतिम पंघाल के बाद अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप में 2 स्वर्ण पदक जीतने वाली दूसरी भारतीय पहलवान बन गई हैं। इससे पहले उन्होंने साल 2025 में 72 किलोग्राम वर्ग में खिताब जीता था।

सफर

टूर्नामेंट में कैसा रहा काजल का सफर?

काजल ने फाइनल मुकाबले में चीन की पहलवान जिंगरू सुन को एकतरफा अंदाज में 7-0 से हराकर खिताब जीता।

इस पूरे टूर्नामेंट में काजल का दबदबा इस कदर था कि पूरे सफर के दौरान विरोधी खिलाड़ी उनके खिलाफ एक भी अंक हासिल नहीं कर सके।

उन्होंने पहले मुकाबले में जापान की मियू ताकायामा को 8-0, दूसरे मुकाबले में एल्मीरा यासिन को 14-0 और सेमीफाइनल में अमेरिका की पाइपर फाउलर को 6-0 से हराकर फाइनल का टिकट पक्का किया था।

पदक

तन्नू शर्मा और सविता को रजत पदक

काजल के स्वर्ण के अलावा भारतीय महिला दल ने 2 और पदक अपने नाम किए।

तन्नू शर्मा (72 किलोग्राम) को फाइनल में जापान की चिसातो योशिदा से 3-5 से हार का सामना करना पड़ा और रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

इसी तरह सविता (62 किलोग्राम) को खिताबी मुकाबले में जापान की ही साकुरा ओनिशी के खिलाफ तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 12-2 से हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में उन्हें भी रजत पदक मिला।

ADVERTISEMENT

परिचय

कौन हैं काजल ढोचक?

काजल सोनीपत जिले के लाठ गांव की रहने वाली हैं और कुश्ती उन्हें विरासत में मिली है। उनके चाचा कृष्ण ढोचक खुद अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान रह चुके हैं।

काजल ने 2022 में अंडर-15 एशियाई चैंपियनशिप (66 किलोग्राम) में स्वर्ण, 2023 में अंडर-17 एशियाई चैंपियनशिप (73 किलोग्राम) में स्वर्ण, 2024 में अंडर-17 विश्व चैंपियनशिप (69 किलोग्राम) में स्वर्ण, 2025 में अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप (72 किलोग्राम) में स्वर्ण और 2026 में अंडर-23 और अंडर-20 एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है।

ADVERTISEMENT