Page Loader
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जारी किए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट, मैथ्यू वेड को नहीं मिली जगह
तस्वीर- Twitter/@ICC

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जारी किए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट, मैथ्यू वेड को नहीं मिली जगह

Apr 07, 2022
04:18 pm

क्या है खबर?

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने साल 2022-23 के लिए अपने सेन्ट्रल कॉन्ट्रैक्ट जारी कर दिए हैं, जिसमें विकेटकीपर बल्लेबाज जोश इंग्लिस को पहली बार शामिल किया गया है। दूसरी तरफ तेज गेंदबाज झाय रिचर्डसन को कॉन्ट्रैक्ट से बाहर कर दिया गया है। इनके अलावा मैथ्यू वेड भी कॉन्ट्रैक्ट हासिल नहीं कर सके हैं। बता दें CA ने इस बार 20 खिलाड़ियों को अनुबंधित किया है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

करियर

पहली बार कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने वाले इंग्लिस का अंतरराष्ट्रीय करियर

इंग्लिस ने श्रीलंका के खिलाफ फरवरी 2022 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपना पर्दापण किया था। उन्होंने तब से सीमित मौकों पर निरंतर बेहतर प्रदर्शन किया है और यही कारण रहा है कि उन्हें पहली बार कॉन्ट्रैक्ट हासिल हुआ है। 27 वर्षीय इंग्लिस ने अब तक छह टी-20 मैचों में 35.80 की औसत से 179 रन बना लिए हैं। इस बीच उनका स्ट्राइक रेट 145.52 का रहा है। अब तक उन्होंने विकेटकीपिंग में चार स्टम्पिंग की है।

रिटेन

ट्रेविस हेड समेत इन खिलाड़ियों ने बरकरार रखे कॉन्ट्रैक्ट

CA ऑस्ट्रेलिया के मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने बताया कि मिचेल मार्श, स्कॉट बोलैंड, ट्रैविस हेड, उस्मान ख्वाजा, मार्कस स्टोइनिस और मिशेल स्वेपसन ने अच्छा प्रदर्शन करके अपने कॉन्ट्रैक्ट को बरकरार रखा है। बता दें इन खिलाड़ियों ने 2021-22 में भी कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने में सफलता हासिल की थी। बेली ने कहा, "हमें खुशी है कि इन खिलाड़ियों ने पिछले सीजन के बाद अगले साल के लिए अपने कॉन्ट्रैक्ट को बरकरार रखा है।"

बाहर हुए खिलाड़ी

ये खिलाड़ी हुए कॉन्ट्रैक्ट से बाहर

रिचर्डसन के अलावा मार्कस हैरिस, मोइसेस हेनरिक्स, बेन मैकडरमोट, केन रिचर्डसन, एश्टन टर्नर और मैथ्यू वेड इस बार कॉन्ट्रैक्ट हासिल नहीं कर सके हैं। बता दें वेड ने ऑस्ट्रेलिया को टी-20 विश्व कप जीतने में अहम योगदान दिया था, उनका बाहर होना चौंकाने वाला निर्णय रहा है। तेज गेंदबाज जेम्स पैटिंसन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अयोग्य थे और इसी तरह पूर्व टेस्ट कप्तान टिम पेन भी असमर्थ थे, जो इस समय अनिश्चितकालीन ब्रेक पर चल रहे हैं।

जानकारी

कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने वाले खिलाड़ियों की सूची

एश्टन एगर, स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, पैट कमिंस, आरोन फिंच, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंगलिस, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, मिशेल मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, मार्कस स्टोइनिस, मिशेल स्वेपसन, डेविड वार्नर और एडम जैम्पा।