2019 के बाद से रूट और विलियमसन में से किसका प्रदर्शन बेहतर रहा है? जानें आंकड़े
क्या है खबर?
इंग्लैंड के कप्तान जो रूट इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। भारत के खिलाफ तीसरे टेस्ट में उन्होंने अपना 23वां टेस्ट शतक बनाया।
रूट इस साल टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। वह विराट कोहली, स्टीव स्मिथ और केन विलियमसन (फैब फोर) से काफी आगे हैं।
ऐसे में आइए हम 2019 के बाद से रूट और विलियमसन के टेस्ट आंकड़ों की तुलना करते हैं।
रूट
टेस्ट में बेमिसाल रहे हैं रूट
रूट हाल के दिनों में सबसे शानदार टेस्ट बल्लेबाजों में से एक रहे हैं। वह सक्रिय क्रिकेटरों में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
उन्होंने अब तक 108 टेस्ट में 50.38 की अविश्वसनीय औसत से 9,221 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 23 शतक और पांच दोहरे शतक भी अपने नाम किए हैं।
जनवरी 2019 से रूट ने 31 टेस्ट में 50.24 पर 2,713 रन बनाए हैं।
विलियमसन
शानदार रहा है विलियमसन का टेस्ट करियर
विलियमसन का टेस्ट करियर शानदार रहा है। वह टेस्ट क्रिकेट के सफलतम बल्लेबाजों में शूमार रहे हैं। उन्होंने अब तक 85 टेस्ट में न्यूजीलैंड टीम का प्रतिनिधित्व किया है, जिसमें 53.95 की औसत के साथ 7,230 रन बनाए हैं।
उन्होंने अब तक 24 शतक और 33 अर्धशतक लगाए हैं जिसमें 251 उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है। जनवरी 2019 से, विलियमसन ने 15 टेस्ट मैचों में 55.69 पर 1,365 रन बनाए हैं।
WTC
WTC के पहले चक्र में रूट और विलियमसन का प्रदर्शन
विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का पहला चक्र 2019 से 2021 तक चला था।
रूट इस चक्र में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी के रूप में समाप्त हुए।
उन्होंने 20 टेस्ट में 47.42 की औसत से 1,660 रन बनाए थे।
दूसरी ओर, न्यूजीलैंड को ऐतिहासिक WTC खिताब दिलाने वाले विलियमसन ने 61.20 की औसत से 918 रन अपने नाम किए थे।
आंकड़े
जीते हुए मुकाबलों में विलियमसन का औसत 100 से ऊपर है
जनवरी 2019 के बाद से रूट ने टेस्ट क्रिकेट में जीते हुए मैचों में सर्वाधिक रन बनाए हैं। उन्होंने ऐसे 13 टेस्ट में 59.79 की औसत से 1,435 रन बनाए।
विलियमसन इस सूची में रूट से नीचे हैं। उन्होंने जीते हुए मुकाबलों में 1,182 रन बनाए हैं।
हालांकि, इन मैचों में विलियमसन का औसत 107.45 का है और वह इस सूची में एकमात्र बल्लेबाज हैं जिनका औसत 100 से अधिक है। न्यूजीलैंड ने इस दौरान उनकी मौजूदगी में 10 टेस्ट जीते।
रूट
रूट द्वारा बनाए कुछ रिकार्ड्स
रूट ने इस साल अपना पांचवा दोहरा शतक लगाया था। वह पांच टेस्ट दोहरे शतक दर्ज करने वाले तीसरे इंग्लिश खिलाड़ी बने थे।
टेस्ट शतक के मामले में रूट (23) अब इंग्लैंड के खिलाड़ियों में केवल एलिस्टेयर कुक (33) से पीछे हैं।
रूट ने 2021 में 1,398 रन बनाए हैं, जो एक कैलेंडर वर्ष में इंग्लैंड के कप्तान द्वारा सबसे अधिक रन हैं।
कुल मिलाकर, उन्होंने इंग्लैंड का नेतृत्व करते हुए 12 टेस्ट शतक जड़े हैं।
विलियमसन
विलियमसन की कुछ उपलब्धियां
इस साल की शुरुआत में विलियमसन ने टेस्ट क्रिकेट में अपना चौथा दोहरा शतक बनाया। वह संयुक्त रूप से ब्रेंडन मैकुलम के साथ सर्वाधिक दोहरे शतक वाले कीवी बल्लेबाज हैं।
विलियमसन, स्टीफन फ्लेमिंग (7,172) को भी पीछे छोड़कर टेस्ट में न्यूजीलैंड के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए।
वह 7,000 टेस्ट रन (144 पारियों) तक पहुंचने वाले सबसे तेज न्यूजीलैंड के बल्लेबाज भी बने थे।