Page Loader
इंग्लैंड बनाम भारत: जो रूट ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का बड़ा रिकॉर्ड, जानिए उनके शानदार आंकड़े 
जो रूट ने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है (तस्वीर: एक्स/@ICC)

इंग्लैंड बनाम भारत: जो रूट ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का बड़ा रिकॉर्ड, जानिए उनके शानदार आंकड़े 

Jun 22, 2025
11:37 am

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम और भारतीय क्रिकेट टीम के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन जो रूट ने नया इतिहास रचा। उन्होंने सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया। वह भारत के खिलाफ इंग्लैंड की धरती पर सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। रूट 28 रन बनाकर आउट हुए। अब इंग्लैंड में भारत के खिलाफ उनके 1,602 रन हो गए हैं। इस बल्लेबाज को जसप्रीत बुमराह ने पवेलियन भेजा।

रिकॉर्ड

रूट ने तेंदुलकर के लंबे समय के रिकॉर्ड को तोड़ा 

रूट ने तेंदुलकर के लंबे समय से कायम रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। तेंदुलकर ने इंग्लैंड की धरती पर भारत की ओर से खेलते हुए 54.31 की औसत से 1,575 रन बनाए थे। उन्होंने यह आंकड़ा 17 टेस्ट मैचों में 4 शतक की मदद से हासिल किया था। इस सूची में रूट और तेंदुलकर के बाद राहुल द्रविड़ (1,376), एलिस्टेयर कुक (1,196) और सुनील गावस्कर (1,152) जैसे दिग्गज शामिल हैं।

आंकड़े

घरेलू सरजमीं पर ऐसे हैं रूट के आंकड़े 

रूट का भारत के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर टेस्ट प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। उन्होंने 16 टेस्ट मैचों में 72.81 की औसत से कुल 1,602 रन बनाए हैं। भारत के खिलाफ अपनी धरती पर उनसे ज्यादा रन सिर्फ ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग के हैं, जिनके नाम 1,893 रन दर्ज हैं। भारत के खिलाफ घर में सबसे ज्यादा 7 शतक लगाने का रिकार्ड भी रूट के पास ही है। रूट के नाम भारत के खिलाफ घर में 5 अर्धशतक भी हैं।

भारत

भारत के खिलाफ रूट के सबसे ज्यादा रन 

रूट ने भारत के खिलाफ अपना 31वां टेस्ट खेलते हुए अब तक कुल 2,874 रन बना लिए हैं। उनकी औसत 57.48 की है। टेस्ट क्रिकेट में किसी भी बल्लेबाज ने भारत के खिलाफ इतने ज्यादा रन नहीं बनाए हैं। 2,600 रन के आंकड़े को भी कोई अन्य बल्लेबाज नहीं छू सका है। रूट ने भारत के खिलाफ अब तक 10 शतक और 11 अर्धशतक लगाए हैं। टेस्ट करियर की बात करें तो उन्होंने 154 मैचों में 13,034 रन बनाए हैं।

दूसरे दिन

लीड्स टेस्ट पर एक नजर 

भारत के 471 रन के जवाब में इंग्लैंड ने 3 विकेट खोकर 209 रन बना लिए हैं। अभी भी टीम 262 रन से पीछे है। इंग्लैंड के तीनों विकेट बुमराह ने लिए। इससे पहले दूसरे दिन भारत के लिए ऋषभ पंत ने शतकीय पारी (134) खेली। उनके अलावा शुभमन गिल 147 रन बनाकर आउट हुए। भारत के लिए यशस्वी जायसवाल ने भी 101 रन की पारी खेली थी। इंग्लैंड के लिए बेन स्टोक्स और जोश टंग ने 4-4 विकेट लिए।