Page Loader
जो रूट बने इंग्लैंड के सबसे सफल टेस्ट कप्तान, बनाए ये शानदार रिकॉर्ड्स
सबसे सफल इंग्लिश टेस्ट कप्तान बने जो रूट

जो रूट बने इंग्लैंड के सबसे सफल टेस्ट कप्तान, बनाए ये शानदार रिकॉर्ड्स

लेखन Neeraj Pandey
Aug 29, 2021
10:00 pm

क्या है खबर?

लॉर्ड्स टेस्ट गंवाने के बाद इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ लीड्स में खेले गए तीसरे टेस्ट में शानदार जीत दर्ज की है। इंग्लैंड ने पारी के अंतर से मुकाबला जीतते हुए लॉर्ड्स की हार का शानदार तरीके से बदला लिया। कप्तान के रूप में 27वीं जीत हासिल करके जो रूट इंग्लैंड के सबसे सफल टेस्ट कप्तान बन गए हैं और उन्होंने कई शानदार रिकॉर्ड्स बनाए हैं। एक नजर ऐसे ही रिकॉर्ड्स पर।

जीत

सबसे अधिक टेस्ट जीतने वाले इंग्लिश कप्तान

रूट ने माइकल वॉन को पीछे छोड़ा है और इंग्लैंड के सबसे सफल टेस्ट कप्तान बने हैं। वॉन की कप्तानी में इंग्लैंड ने 26 टेस्ट जीते थे। रूट की कप्तानी में इंग्लैंड 27 टेस्ट जीत चुकी है। रूट की कप्तानी में इंग्लैंड को 20 मैचों में हार और आठ में ड्रॉ मिली है। इंग्लैंड ने रूट की कप्तानी में 17 टेस्ट अपने घर में जीते हैं। घर में उनसे अधिक एंड्रयू स्ट्रॉस (19) ने जीते हैं।

सबसे अधिक रन

एक कैलेंडर ईयर में सबसे अधिक रन बनाने वाले इंग्लिश कप्तान

रूट 2021 में सबसे अधिक टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। वह अब तक 1,398 रन बना चुके हैं जो एक कैलेंडर ईयर में किसी इंग्लिश कप्तान द्वारा बनाए गए सबसे अधिक रन हैं। रूट ने 2015 में एलिस्टर कुक द्वारा बनाए गए 1,364 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ा है। ग्रीम स्मिथ (1,656), माइकल क्लार्क (1,595) और रिकी पोंटिंग (1,544) ही एक कैलेंडर ईयर में रूट से अधिक रन बनाने वाले कप्तान हैं।

2021

2021 में छह टेस्ट शतक लगा चुके हैं रूट

रूट ने इस साल का अपना छठा टेस्ट शतक लगाया है। एक कैलेंडर ईयर में सबसे अधिक टेस्ट शतक लगाने के मामले में वह केवल रिकी पोंटिंग (7) से ही पीछे हैं। गौरतलब है कि रूट से पहले कोई दूसरा इंग्लिश कप्तान एक कैलेंडर ईयर में चार से अधिक टेस्ट शतक नहीं लगा सका था। रूट एक कैलेंडर ईयर में संयुक्त रूप से सबसे अधिक टेस्ट शतक लगाने वाले इंग्लिश बल्लेबाज भी बन गए हैं।

जानकारी

कप्तान के रूप में 12 टेस्ट शतक

रूट कप्तान के रूप में 12 टेस्ट शतक लगा चुके हैं जो एलिस्टर कुक के साथ संयुक्त रूप से सबसे अधिक शतक हैं। 23 टेस्ट शतक लगा चुके रूट इंग्लैंड के लिए शतकों के मामले में केवल कुक (33) से ही पीछे हैं।

अन्य आंकड़े

अन्य रोचक आंकड़ों पर एक नजर

रूट एक कैलेंडर ईयर में लगातार तीन टेस्ट में शतक लगाने का कारनामा दो बार बार करने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ संयुक्त रूप से सबसे अधिक आठ टेस्ट शतक लगाए हैं। 2021 में रूट भारत के खिलाफ 875 टेस्ट रन बना चुके हैं जो एक कैलेंडर ईयर में किसी एक टीम के खिलाफ किसी बल्लेबाज द्वारा बनाए गए तीसरे सबसे अधिक रन हैं।