
IPL 2020: बंद हुई ट्रांसफर विंडो, रहाणे-अश्विन समेत अब दूसरी टीम से खेलते दिखेंगे ये खिलाड़ी
क्या है खबर?
दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग यानी इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीज़न का बिगुल बज गया है। इस लीग के अगले सीज़न के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 19 दिसंबर को कोलकाता में होगी।
इससे पहले सभी टीमों के पास ट्रांसफर विंडो के तहत खिलाड़ियों की अदला-बदली का मौका था, लेकिन गुरुवार को अब ट्रांसफर विंडो बंद हो गई है।
इस नियम का इस्तेमाल कुल 11 खिलाड़ियों की टीमों ने किया। आइये जानें किस टीम में गया कौन सा खिलाड़ी।
KXIP
किंग्स इलेवन पंजाब की टीम में अब नहीं दिखेंगे आर अश्विन और अंकित राजपूत
KXIP ने ट्रांसफर विंडो के तहत रविचंद्रन अश्विन को दिल्ली कैपिटल्स को सौंप दिया। इसके बदले पंजाब को जगदीशा सुचित और 1.5 करोड़ रुपये मिले।
KXIP ने आर अश्विन को IPL 2018 में 7.6 करोड़ रूपये में खरीदा था।
इसके साथ ही पंजाब ने तेज़ गेंदबाज़ अंकित राजपूत को राजस्थान रॉयल्स को सौंप दिया है।
अंकित इकलौते ऐसे अनकैप्ड गेंदबाज़ हैं, जिन्होंने IPL में पांच विकेट लिए हैं। अंकित ने IPL 2018 में SRH के खिलाफ यह कारनामा किया था।
अदला-बदली
रहाणे के बदले राजस्थान को मिले तेवतिया और मार्कंडेय
राजस्थान रॉयल्स के लिए 9 सीज़न खेलने के बाद अजिंक्य रहाणे अब इस लीग के आगामी सीज़न में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते दिखेंगे।
दिल्ली ने राहुल तेवतिया और मयंक मार्कंडेय की जगह रहाणे को अपनी टीम में शामिल किया है।
बता दें कि इसी साल अगस्त में दिल्ली कैपिटल्स ने ट्रांसफर विंडो का इस्तेमाल करके मयंक मार्कंडेय को ऑलराउंडर शरफेन रदरफोर्ड के बदले अपनी टीम में शामिल किया था।
मुंबई से दिल्ली पहुंचे मार्कंडेय अब राजस्थान से खेलते दिखेंगे।
ट्रांसफर विंडो
ट्रांसफर विंडो के तहत दिल्ली से मुंबई गए ट्रेंट बोल्ट
इंडियन प्रीमियर लीग की मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स के तेज़ गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट को आगामी सीजन के लिए अपने साथ जोड़ने की घोषणा बीते बुधवार को की।
दिल्ली कैपिटल्स ने ट्रेंट बोल्ट को IPL 2018 की नीलामी में 2.20 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था।
इसके साथ ही राजस्थान रॉयल्स ने ऑलराउंडर कृष्णप्पा गौतम को KXIP को सौंप दिया। राजस्थान ने गौतम को IPL 2018 की नीलामी में 6.2 करोड़ रुपये में खरीदा था।
जानकारी
मुंबई इंडियंस के लिए खेलते दिखेंगे धवल कुलकर्णी
टांसफर विंडो के इस्तेमाल में सबसे ज्यादा व्यस्त रहने वाली टीमें किंग्स इलेवन पंजाब और दिल्ली कैपिटल्स रहीं। गुरुवार को इस नियम के बंद होने से पहले राजस्थान रॉयल्स ने तेज़ गेंदबाज़ धवल कुलकर्णी को मुंबई इंडियंस को सौंप दिया।
IPL 2020
इन 10 खिलाड़ियों की बदली टीमें
रविचंद्रन अश्विन- KXIP से दिल्ली कैपिटल्स
जगदीशा सुचित- दिल्ली कैपिटल्स से KXIP
मयंक मार्कंडेय- दिल्ली कैपिटल्स से राजस्थान रॉयल्स
शरफेन रदरफोर्ड- दिल्ली कैपिटल्स से मुंबई इंडियंस
अंकित राजपूत- KXIP से राजस्थान रॉयल्स
ट्रेंट बोल्ट- दिल्ली कैपिटल्स से मुंबई इंडियंस
अजिंक्य रहाणे- राजस्थान रॉयल्स से दिल्ली कैपिटल्स
कृष्णप्पा गौतम- राजस्थान रॉयल्स से किंग्स इलेवन पंजाब
राहुल तेवतिया- दिल्ली कैपिटल्स से राजस्थान रॉयल्स
धवल कुलकर्णी- राजस्थान रॉयल्स से मुंबई इंडियंस
सिद्धेश लाड- मुंबई इंडियंस से कोलकाता नाईट राइडर्स
जानकारी
आज सभी टीमों को जारी करनी है खिलाड़ियों को रिलीज़ और रिटेन करने की सूची
IPL 2020 के लिए 19 दिसंबर को कोलकाता में होने वाली नीलामी से पहले अब सभी टीमों को शुक्रवार (15 नवंबर) को उन खिलाड़ियों की सूची जारी करनी होगी, जिनको वो बरकरार (Retain) या रिलीज (Release) करना चाहती हैं।