Page Loader
IPL: ऋषभ पंत की कप्तानी में कैसा रहा है टीमों का प्रदर्शन? जानिए आंकड़े
मौजूदा सीजन में खराब रही पंत की कप्तानी (तस्वीर: एक्स/@RishabhPant17)

IPL: ऋषभ पंत की कप्तानी में कैसा रहा है टीमों का प्रदर्शन? जानिए आंकड़े

May 20, 2025
03:29 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में बीते सोमवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ शिकस्त का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई। मौजूदा सीजन में अब तक LSG ने 12 में से सिर्फ 5 मैच ही जीते हैं। इस बीच पंत की कप्तानी में उनकी टीमों के प्रदर्शन के बारे में जानते हैं।

आंकड़े 

पंत ने कुल 55 IPL मैचों में की है कप्तानी

पंत ने IPL के 4 सीजन में टीमों की कप्तानी की है, लेकिन कभी खिताब नहीं जीत सके हैं। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने कुल 55 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें से 28 में उनकी टीम जीती (जीत प्रतिशत- 51.81) है और 26 मैचों में उनकी टीम हारी है। इनके अलावा 1 मैच टाई रहा है। बतौर कप्तान 53 पारियों में उन्होंने 29.77 की औसत और 137.86 की स्ट्राइक रेट से 1,340 रन बनाए हैं, जिसमें 7 अर्धशतक शामिल है।

2021 

2021 में पंत की कप्तानी में प्लेऑफ में पहुंची थी DC 

IPL 2021 में पंत की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स (DC) की टीम प्लेऑफ में पहुंचने में सफल हुई थी। हालांकि, उस सीजन के एलिमिनेटर मुकाबले में उन्हें चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ हार मिली थी। पंत की कप्तानी में DC ने लीग स्टेज में जोरदार प्रदर्शन करते हुए 10 मैच जीते थे। सिर्फ 4 हार झेलने वाली DC की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर रही थी।

2022 

2022 में 5वें स्थान पर रही थी DC 

IPL 2022 में पंत की ही कप्तानी में DC की टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी थी। उनके नेतृत्व में DC ने 7 मैचों में जीत दर्ज की और इतने ही मैचों में हार का सामना किया था। अंक तालिका में DC की टीम 5वें स्थान पर रही थी। कप्तान पंत ने उस सीजन में 13 पारियों में 30.90 की औसत और 151.78 की स्ट्राइक रेट से 340 रन बनाए थे।

2024 

2024 में भी प्लेऑफ में नहीं पहुंची थी DC 

पंत के नेतृत्व में DC एक बार फिर प्लेऑफ में पहुंचने में नाकामयाब हुई थी। उस संस्करण में DC ने 7 मैच जीते और 7 में ही हार झेली थी। DC ने अंक तालिका में छठा स्थान हासिल किया था। उस सीजन में पंत का बल्ला अच्छा चला था। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने 13 पारियों में 40.54 की औसत और 155.40 की स्ट्राइक रेट के साथ 446 रन बनाए थे।

2025 

IPL 2025 में कैसा रहा पंत की टीम का प्रदर्शन?

IPL 2025 में पंत LSG के कप्तान के रूप में खेल रहे हैं। मौजूदा सीजन में LSG ने 12 में से सिर्फ 5 मैच ही जीते हैं। अगले बचे हुए 2 मैच को जीतने के बावजूद भी DC प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकेगी। वहीं, कप्तान पंत ने इस सीजन में बल्ले से निराश किया है। उन्होंने 11 पारियों में 12.27 की औसत के साथ सिर्फ 135 रन बनाए हैं, जिसमें 1 अर्धशतक शामिल है।