IPL 2027: सौरव गांगुली बने दिल्ली कैपिटल्स के नए मुख्य कोच, हेमांग बदानी की लेंगे जगह
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज कप्तान सौरव गांगुली इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 के लिए दिल्ली कैपिटल्स (DC) के नए मुख्य कोच नियुक्त किए गए हैं। DC ने अपने एक्स अकाउंट के जरिए इसकी जानकारी दी है। फ्रैंचाइजी के साथ विभिन्न भूमिकाओं में सालों बिताने के बाद यह पहली बार है जब वह मुख्य कोच की कमान संभालेंगे। वह हेमांग बदानी की जगह लेंगे, जिन्होंने 2 संस्करण तक DC के मुख्य कोच की भूमिका निभाई थी।
पोस्ट
DC ने पोस्ट में क्या लिखा?
DC ने एक्स पर लिखा, 'दिल्ली, यह दादागिरी का समय है। सौरव गांगुली, टाइगर्स के मुख्य कोच।'
इधर, DC के चेयरमैन और सह-मालिक पार्थ जिंदल ने कहा, "दादा (सौरव गांगुली) हमेशा से ही DC परिवार के एक अभिन्न अंग रहे हैं। मुझे यह घोषणा करते हुए बेहद गर्व और सम्मान महसूस हो रहा है कि भारत के सबसे महान कप्तानों में से एक अब DC के मुख्य कोच के रूप में कोचिंग की दुनिया में कदम रख रहे हैं।"
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें पोस्ट
Dilli, it's time for Dadagiri 🐅
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) October 6, 2026
Sourav Ganguly, Head Coach of the Tigers 🔥 pic.twitter.com/EMTPQ9TB64
प्रतिक्रिया
गांगुली ने नियुक्ति पर क्या दी प्रतिक्रिया?
गांगुली ने मुख्य कोच नियुक्त किए जाने पर कहा, "मैं IPL में मुख्य कोच की भूमिका निभाने के लिए बेहद उत्सुक हूं। DC मेरे दिल के बहुत करीब है और इसके साथ मेरा मजबूत रिश्ता है। हमारे पास एक बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का समूह है और हाल के दिनों में हमने बेहतरीन ब्रांड की क्रिकेट खेली है। मैं नए सीजन, एक मजबूत और निडर टीम के निर्माण के लिए पूरे स्क्वाड के साथ काम करने का इंतजार कर रहा हूं।"
जानकारी
गांगुली का DC से है पुराना नाता
गांगुली 2019 से ही DC से जुड़े हुए हैं, जहां वे पुरुष और महिला दोनों टीमों के क्रिकेट डायरेक्टर के रूप में काम कर रहे थे। हालांकि, मुख्य कोच न होने के कारण वह टीम में अपने हिसाब से बदलाव नहीं कर पा रहे थे।
बदलाव
DC के कोचिंग स्टाफ में हुए बड़े बदलाव
गांगुली को मुख्य कोच बनाने के साथ ही DC ने अपने पुराने सपोर्ट स्टाफ में बदलाव करने का फैसला किया है।
फ्रैंचाइजी ने पूर्व मुख्य कोच हेमांग बदानी के साथ टीम निदेशक वेणुगोपाल राव, गेंदबाजी कोच मुनाफ पटेल और सहायक कोच इयान बेल को भी बरकरार न रखने का फैसला किया है।
गांगुली अब पूरी तरह अपना नया सपोर्ट स्टाफ लेकर आएंगे। चर्चा है कि पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह भी DC के कोचिंग ग्रुप में शामिल हो सकते हैं।
अनुभव
कैसा रहा है गांगुली को कोचिंग का अनुभव?
मुख्य कोच के रूप में गांगुली का यह पहला IPL कार्यकाल है।
हालांकि, उन्होंने पिछले साल दक्षिण अफ्रीका की टी-20 लीग (SA20) में प्रिटोरिया कैपिटल्स के मुख्य कोच के रूप में काम किया था, जहां उनके मार्गदर्शन में टीम फाइनल तक पहुंची थी।
IPL 2027 में गांगुली दिल्ली के मजबूत कोर ग्रुप के साथ काम करेंगे, जिसमें कप्तान अक्षर पटेल, वरिष्ठ बल्लेबाज केएल राहुल और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से टीम में वापस लौटे ऋषभ पंत शामिल हैं।
प्रदर्शन
IPL 2026 में कैसा रहा था DC का प्रदर्शन?
IPL 2026 में DC का प्रदर्शन काफी निराशाजनकर रहा था। टीम सीजन में खेले 14 मैचों में से केवल 7 में जीत दर्ज कर पाई थी, जबकि 7 में उसे हार का सामना करना पड़ा था।
ऐसे में वह छठे स्थान पर रहते हुए प्लेऑफ में भी जगह नहीं बना पाई थी।
बता दें कि DC ने IPL 2021 के लीग चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया था।