IPL 2026, KKR बनाम SRH: हेनरिक क्लासेन ने लगाया अर्धशतक, ब्लेसिंग मुजरबानी ने लिए 4 विकेट
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के छठे मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ पहले खेलते हुए 8 विकेट खोकर 226 रन का स्कोर बनाया। SRH की ओर से हेनरिक क्लासेन ने अर्धशतक (52) लगाया। उनके अलावा ट्रेविस हेड ने 46 और अभिषेक शर्मा ने 48 रन का योगदान दिया। वहीं, KKR की ओर से ब्लेसिंग मुजरबानी ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए।
क्लासेन
शानदार रही क्लासेन की पारी
SRH ने 111 रन के स्कोर पर जब अपना दूसरा विकेट खोया, तब क्लासेन क्रीज पर आए। शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 11 गेंदों में 12 रन बनाए थे। क्रीज पर टिकने के बाद इस दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज ने अपनी रन गति में इजाफा किया और 34 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। वह 35 गेंदों में 52 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने नितीश रेड्डी (39) के साथ मिलकर 82 रन की साझेदारी की।
मुजरबानी
मुजरबानी ने चटकाए 4 विकेट
पारी का दूसरा ओवर करते हुए मुजरबानी ने बिना विकेट लिए 16 रन दिए। महंगा ओवर होने के बाद जिम्बाब्वे के इस तेज गेंदबाज ने अपने दूसरे ओवर में विपक्षी कप्तान ईशान किशन और सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के विकेट चटकाए। उन्होंने अपने चौथे और पारी के 20वें ओवर में 2 सफलताएं हासिल की। अपने 4 ओवर में उन्होंने 10.25 की इकॉनमी रेट के साथ 41 रन दिए।
जानकारी
SRH के विरुद्ध दूसरा सबसे बेहतर प्रदर्शन
मुजरबानी अब KKR की ओर से SRH के खिलाफ दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज बन गए। बता दें कि SRH के विरुद्ध KKR से सबसे बेहतर प्रदर्शन का रिकॉर्ड प्रसिद्ध कृष्णा (4/30, 2018) के नाम पर दर्ज है।