Page Loader
SRH बनाम RR: अपना पहला IPL शतक लगाने वाले ईशान किशन बने 'प्लेयर ऑफ द डे'
किशन ने लगाया IPL में अपना पहला शतक (तस्वीर: एक्स/@IPL)

SRH बनाम RR: अपना पहला IPL शतक लगाने वाले ईशान किशन बने 'प्लेयर ऑफ द डे'

Mar 23, 2025
08:14 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के दूसरे मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) को 44 रन से हराते हुए अपने अभियान की जीत से शुरुआत की। SRH की इस जोरदार जीत में ईशान किशन की अहम भूमिका रही, जिन्होंने राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में शतक (106*) लगाया और उनकी टीम ने 286/6 का स्कोर बनाया। वह हमारे 'प्लेयर ऑफ द डे' चुने गए। आइए उनकी पारी और रिकॉर्ड्स के बारे में जानते हैं।

पारी 

जोरदार रही किशन की पारी 

SRH ने जब 45 के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया, तब किशन क्रीज पर आए। उन्होंने पावरप्ले ओवरों का फायदा उठाते हुए मौके मिलने पर आकर्षक शॉट लगाए। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने सिर्फ 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 47 गेंदों पर 106 रन (चौके-11, छक्के- 6) बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए ट्रेविस हेड (67) के साथ 85 रन और फिर नितीश रेड्डी (30) के साथ 72 रन की साझेदारी की।

किशन 

इस सूची में शामिल हुए किशन 

किशन ने 45 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वह अब IPL इतिहास में संयुक्त रूप से दूसरे सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बने हैं। उन्होंने मयंक अग्रवाल (45 गेंद बनाम RR, 2020) की बराबरी की। इस सूची में किशन से आगे सिर्फ युसूफ पठान (37 गेंद बनाम MI, 2010) हैं। किशन के अब IPL करियर में 100 पारियों में 29.56 की औसत के साथ 2,750 रन बनाए हैं।

जानकारी

SRH से शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने किशन 

किशन SRH से IPL में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने हैं। SRH से शतक लगाने वाले विदेशी खिलाड़ी डेविड वार्नर (2017 और 2019), जॉनी बेयरस्टो (2019), हैरी ब्रूक (2023), हेनरिक क्लासेन (2023) और ट्रेविस हेड (2024) हैं।

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती SRH की टीम 

SRH को अभिषेक शर्मा (24) और ट्रेविस हेड (67) ने अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद किशन ने शतक लगाया। वहीं, मध्यक्रम में नितीश रेड्डी (30) और हेनरिक क्लासेन (34) ने उपयोगी योगदान दिया और टीम ने 286/6 का स्कोर बनाया। जवाब में RR ने 24 रन तक यशस्वी जायसवाल (1) और रियान पराग (4) के विकेट खो दिए। संकट में सैमसन (66), ध्रुव जुरेल (70) और शिमरोन हेटमायर (42) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम 242/6 का स्कोर ही बना सकी।