Page Loader
मुंबई इंडियंस की टीम में शामिल हुआ दक्षिण अफ्रीका का ये ऑलराउंडर, जानिए उनके आंकड़े 
कॉर्बिन बॉश मुंबई की टीम का हिस्सा बन गए हैं (तस्वीर: एक्स/@CricCrazyJohns)

मुंबई इंडियंस की टीम में शामिल हुआ दक्षिण अफ्रीका का ये ऑलराउंडर, जानिए उनके आंकड़े 

Mar 08, 2025
07:56 pm

क्या है खबर?

मुंबई इंडियंस (MI) ने दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश को लिजाड विलियम्स की जगह टीम में शामिल किया है। घुटने की चोट के कारण विलियम्स आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 से बाहर हो गए हैं। बॉश का यह पहला IPL सीजन नहीं है। उन्हें पहले राजस्थान रॉयल्स (RR) ने नेट बॉलर के रूप में और बाद में नाथन कूल्टर नाइल की जगह टीम में शामिल किया था। बॉश को 75 लाख रुपये में जोड़ा गया है।

नीलामी

दक्षिण अफ्रीका की टी-20 लीग में किया था शानदार प्रदर्शन 

IPL 2025 की मेगा नीलामी में बॉश को कोई खरीदार नहीं मिल पाया था। दक्षिण अफ्रीका की टी-20 लीग में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। वह MI केपटाउन टीम का हिस्सा थे। उन्होंने 8 मुकाबलों में 11 विकेट अपने नाम किए थे। सनराइजर्स ईस्टर्न केप के खिलाफ इस खिलाड़ी ने 4/19 के शानदार आंकड़े दर्ज किए थे। RR और MI केपटाउन के साथ अपने पिछले जुड़ाव के बावजूद वह अभी तक IPL का हिस्सा नहीं बन पाए थे।

डेब्यू

साल 2024 में बॉश ने किया था डेब्यू 

बॉश ने 2024 में बॉक्सिंग डे पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ सेंचुरियन में अपना टेस्ट डेब्यू किया था। उसके कुछ दिन बाद उन्होंने जोहान्सबर्ग में उसी टीम के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया। उन्हें चैंपियंस ट्रॉफी के लिए दक्षिण अफ्रीका की टीम में चोटिल एनरिक नोर्खिया की जगह शामिल किया गया था। घरेलू स्तर पर उनके प्रभावशाली प्रदर्शन ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।

अंडर-19

अंडर-19 विश्व कप में किया था शानदार प्रदर्शन 

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण से पहले बॉश दक्षिण अफ्रीका की अंडर-19 टीम के सदस्य भी थे, जिसने 2014 का विश्व कप जीता था। उन्हें फाइनल में उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया था। इस शुरुआती सफलता ने उनके पेशेवर क्रिकेट करियर के लिए एक मजबूत आधार तैयार किया। हालांकि, वह शुरुआती दिनों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेल पाए थे। वह लगातार घरेलू क्रिकेट में अच्छा कर रहे थे।

ट्विटर पोस्ट

Twitter Post