Page Loader
IPL 2025: राहुल द्रविड़ होंगे राजस्थान रॉयल्स की टीम के प्रमुख कोच 
राहुल द्रविड़ होंगे राजस्थान रॉयल्स की टीम के प्रमुख कोच (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

IPL 2025: राहुल द्रविड़ होंगे राजस्थान रॉयल्स की टीम के प्रमुख कोच 

Sep 04, 2024
02:29 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ का कोचिंग कार्यकाल भी सफल रहा है। उनकी देखरेख में ही भारत ने टी-20 विश्व कप 2024 जीता था। अब खबर है कि द्रविड़ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में राजस्थान रॉयल्स (RR) के साथ फिर से जुड़ने के लिए तैयार हैं। वह IPL 2025 से पहले टीम के मुख्य कोच की भूमिका में नजर आएंगे। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट 

RR के साथ पहले भी काम कर चुके हैं द्रविड़

क्रिकइंफो के मुताबिक, द्रविड़ ने हाल ही में फ्रेंचाइजी के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। हालांकि, RR की ओर से इस पर अभी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। द्रविड़ का RR के साथ पुराना रिश्ता रहा है। वह IPL 2012 और 2013 में टीम की कप्तानी कर चुके हैं। इसके बाद 2014 और 2015 सीजन में वह टीम डायरेक्टर और मेंटर के रूप में काम कर चुके हैं।

कोचिंग 

फ्रेंचाइजी क्रिकेट में कोचिंग का अनुभव रखते हैं द्रविड़

RR के बाद 2 सीजन में जुड़े रहने के बाद 2016 में द्रविड़ दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) में चले गए थे। ऐसे में उन्हें फ्रेंचाइजी क्रिकेट में कोचिंग करने का अच्छा खासा अनुभव है। RR की कप्तानी संजू सैमसन करते हैं। अंडर-19 के दिनों से द्रविड़ की निगरानी में सैमसन में खेले हैं। इन दोनों के बीच अच्छा तालमेल रहा है, जो टीम के काम आ सकता है।

स्टाफ 

सहायक कोच के तौर पर टीम से जुड़ेंगे विक्रम राठौर

ऐसी खबरें हैं कि विक्रम राठौर को द्रविड़ के सहायक कोच के तौर पर शामिल किया जा सकता है। भारत के पूर्व चयनकर्ता राठौर 2019 में भारत के बल्लेबाजी कोच बनने से पहले NCA में द्रविड़ के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा थे। ऐसा माना जा रहा है कि द्रविड़ लीग में RR की कोचिंग में कमान संभालेंगे, तो वहीं कुमार संगकारा क्रिकेट निदेशक के रूप में बरकरार रहेंगे।

प्रदर्शन 

IPL 2024 में क्वालीफायर-2 से बाहर हुई थी RR 

IPL 2024 में RR की टीम क्वालीफायर-2 मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से हार गई थी। लीग स्टेज में RR ने अपने 8 मैच जीते थे और उन्हें 5 में हार का सामना करना पड़ा था। सैमसन के नेतृत्व में 17 अंको के साथ (+0.273) अंक तालिका में तीसरे स्थान पर रहते हुए RR ने प्लेऑफ का टिकट हासिल किया था। इसके बाद एलिमिनेटर मुकाबले में RR ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को हराया था।