Page Loader
IPL 2025: LSG के मिचेल मार्श और निकोलस पूरन ने DC के खिलाफ लगाए अर्धशतक
पूरन और मार्श ने लगाए अर्धशतक (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025: LSG के मिचेल मार्श और निकोलस पूरन ने DC के खिलाफ लगाए अर्धशतक

Mar 24, 2025
09:03 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के चौथे मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के मिचेल मार्श (72) और निकोलस पूरन (75) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ अर्धशतक लगाए। इन दोनों बल्लेबाजों की बदौलत DC ने अपने शुरुआती 10 ओवरों में 117/1 का स्कोर बना लिया था। इस जोड़ी ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी भी की। आइए इन दोनों की पारियों और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

जोरदार रही मार्श की पारी 

मार्श ने अपनी पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर अच्छी फॉर्म में संकेत दे दिए थे। उन्होंने पारी का तीसरा ओवर करने आए मिचेल स्टार्क की जमकर खबर ली और उनके ओवर में 2 चौके और 1 छक्का लगाया। तेजी से बल्लेबाजी करते हुए मार्श ने सिर्फ 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 36 गेंदों पर 72 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और इतने ही छक्के भी लगाए।

पूरन 

पूरन ने भी खेली आक्रामक पारी 

LSG ने जब 46 के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया, तब पूरन क्रीज पर आए। उन्होंने आते ही अपने चिर-परिचित अंदाज में बल्लेबाजी की और विपक्षी गेंदबाजों की खूब पिटाई की। पूरन ने 24 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। इस बीच उन्होंने ट्रिस्टन स्टब्स के ओवर में 4 छक्के और 1 चौका भी लगाए। वह 30 गेंदों पर 6 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 75 रन बनाकर आउट हुए।

छक्के 

पूरन ने टी-20 क्रिकेट में पूरे किए अपने 600 छक्के 

अपनी इस ताबड़तोड़ पारी के दौरान पूरन ने टी-20 क्रिकेट में अपने 600 छक्के भी पूरे किए। वह खेल के सबसे छोटे प्रारूप में 600 छक्के लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बने हैं। बता दें कि क्रिस गेल 1,056 छक्कों के साथ इस सूची में शीर्ष पर मौजूद हैं। वहीं, वेस्टइंडीज के ही कीरोन पोलार्ड ने 908 छक्के और आंद्रे रसेल ने 733 छक्के लगाए हुए हैं।