Page Loader
IPL 2025: रविचंद्रन अश्विन का CSK के लिए कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े
आगामी सीजन में CSK से खेलेंगे अश्विन (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025: रविचंद्रन अश्विन का CSK के लिए कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े

Mar 11, 2025
09:06 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 की शुरुआत 22 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच मैच से हो जाएगी। आगामी सीजन में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) अपने अभियान की शुरुआत 23 मार्च को करेगी। इस बार अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन CSK की टीम से खेलेंगे। वह लगभग एक दशक बाद CSK की जर्सी में नजर आएंगे। इस बीच अश्विन का CSK की ओर से प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

CSK 

नीलामी में अश्विन पर हुई खूब धनवर्षा

IPL 2025 की नीलामी में अश्विन को चेन्नई सुपरकिंग्स ने 9.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। उन्होंने अपना बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये तय किया था। वह पिछले सीजन में राजस्थान रॉयल्स (RR) की ओर से खेले थे। आगामी सीजन में अब अश्विन 2015 के बाद लम्बे अंतराल के बाद CSK से खेलने के लिए तैयार हैं। ऐसे में CSK के प्रशंसकों को अश्विन, रविंद्र जडेजा और महेंद्र सिंह धोनी एक साथ नजर आएंगे।

प्रदर्शन 

CSK के लिए ऐसा रहा है प्रदर्शन 

IPL में अश्विन ने 2009 से 2015 के बीच CSK से 95 मैच खेले, जिसमें 24.22 की औसत और 6.45 की इकॉनमी रेट के साथ 90 विकेट लिए। वह अब भी इस फ्रेंचाइजी से तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। बता दें कि ड्वेन ब्रावो ने CSK से सर्वाधिक 140 विकेट चटकाए थे। उनके बाद रविंद्र जडेजा ने इस टीम से 133 विकेट अपने नाम किए थे।

चैंपियंस लीग

CSK से चैंपियंस लीग 2010 में चटकाए थे सर्वाधिक विकेट

CSK ने 2010 में चैंपियंस लीग (टी-20 टूर्नामेंट) का खिताब जीता था। उस सफल अभियान में अश्विन की अहम भूमिका रही थी। इस दिग्गज ऑफ स्पिनर ने चैंपियंस लीग 2010 में 6 पारियों में 11.69 की औसत के साथ 13 विकेट चटकाए थे। इस बीच उनकी इकॉनमी रेट 7 से कम रही थी। अश्विन के बाद दूसरे सबसे ज्यादा विकेट उनके साथी गेंदबाज मुथैया मुरलीधरन (12) ने लिए थे।

करियर 

बेमिसाल रहा है अश्विन का IPL करियर 

अश्विन ने 2009 में अपने IPL करियर का आगाज किया था। उन्होंने 212 मैचों में 29.82 की औसत और 7.12 की इकॉनमी रेट से 180 विकेट अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/34 विकेट का रहा है। वह लीग में फिलहाल संयुक्त रूप से 5वें सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। दूसरी तरफ बल्लेबाजी में उन्होंने 1 अर्धशतक की मदद से 800 रन अपने नाम किए हैं।