Page Loader
IPL 2025: KKR में शामिल हुए चेतन सकारिया का कैसा रहा है टी-20 करियर? जानिए आंकड़े
IPL में राजस्थान रॉयल्स से भी खेल चुके हैं सकारिया (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025: KKR में शामिल हुए चेतन सकारिया का कैसा रहा है टी-20 करियर? जानिए आंकड़े

Mar 17, 2025
08:33 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 की शुरुआत से ठीक पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने अपनी टीम में चेतन सकारिया को 75 लाख रुपये में जोड़ लिया है। दरअसल, उन्हें उमरान मलिक की जगह पर टीम में जोड़ा है। बता दें कि मलिक चोट के कारण आगामी सीजन से बाहर हुए हैं। KKR ने अधिकारिक तौर पर ये ऐलान भी किया है। इस बीच टीम में शामिल किए गए सकारिया के टी-20 क्रिकेट के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

आंकड़े 

ऐसा है सकारिया का टी-20 करियर 

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सकारिया ने अपने टी-20 करियर में 46 मैच खेले हैं, जिसमें 20.16 की औसत और 7.69 की इकॉनमी रेट के साथ 65 विकेट चटकाए हैं। इस बीच उन्होंने 1 मैच में 5 विकेट हॉल भी लिया है। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 11 रन देते हुए 5 विकेट लेना रहा है। उन्होंने फरवरी 2019 में अपने टी-20 क्रिकेट करियर का आगाज किया था।

IPL 

IPL में DC और RR से खेल चुके हैं सकारिया

IPL में सकारिया दिल्ली कैपिटल्स (DC) और राजस्थान रॉयल्स (RR) से खेल चुके हैं। उन्होंने IPL 2021 में RR से खेलते हुए 14 मैचों में 30.42 की औसत और 8.19 की इकॉनमी रेट के साथ 14 विकेट लिए थे। IPL 2022 में DC से खेलते हुए उन्होंने 3 मैचों में 3 सफलताएं हासिल की थी। इसके बाद IPL 2023 में उन्होंने 2 मैचों में 3 विकेट चटकाए थे। वह इस लीग में कुल 20 विकेट ले चुके हैं।

भारत 

भारत से खेल चुके हैं सकारिया

सकारिया भारत की ओर से टी-20 और वनडे प्रारूप में खेल चुके हैं। उन्होंने 2021 में 2 टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेले (दोनों श्रीलंका के खिलाफ), जिसमें उन्हें सिर्फ 1 विकेट मिला था। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ अपने इकलौते वनडे में 2 विकेट लिए थे। वह 2021 के बाद से कोई भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेले हैं। इसके साथ-साथ उन्होंने अब तक भारत से कोई भी टेस्ट मैच नहीं खेला है।

IPL 

IPL 2025 में इन गेंदबाजों के साथ नजर आएंगे सकारिया 

KKR की टीम में तेज गेंदबाजों की बात करें तो हर्षित राणा, एनरिक नोर्खिया, वैभव अरोड़ा और स्पेंसर जॉनसन प्रमुख हैं। इनमें से हर्षित और वैभव पिछले सीजन में भी KKR का हिस्सा थे और आगामी सीजन में भी टीम प्रबंधन इन दोनों पर भरोसा दिखा सकती है। ऐसे में टीम संतुलन को देखते हुए सकारिया को सीमित मौके मिल सकते हैं। वह बाएं हाथ से गेंदबाजी करते हैं, ये बात उनके हित में जा सकती है।