Page Loader
IPL 2025: अक्षर पटेल को DC ने अपना कप्तान बनाया, किया आधिकारिक ऐलान
अक्षर पटेल DC के नए कप्तान बने (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025: अक्षर पटेल को DC ने अपना कप्तान बनाया, किया आधिकारिक ऐलान

Mar 14, 2025
09:47 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के लिए दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने प्रमुख ऑलराउंडर अक्षर पटेल को अपना कप्तान नियुक्त किया है। DC ने आधिकारिक तौर पर ये ऐलान किया है। बता दें कि आगामी सीजन में DC अपने अभियान की शुरुआत 24 मार्च को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ मुकाबले से करेगी, जिसमें अक्षर टीम का नेतृत्व करते हुए दिखेंगे। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

बयान 

कप्तान नियुक्त किए जाने के बाद क्या बोले अक्षर?

अक्षर ने कप्तानी मिलने पर अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने इस बारे में कहा, "दिल्ली की कप्तानी करना मेरे लिए सम्मान की बात है और मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं अपने मालिकों और सहयोगी स्टाफ का तहे दिल से आभारी हूं। मैं अपने कार्यकाल के दौरान एक क्रिकेटर और एक इंसान के तौर पर विकसित हुआ हूं और मैं आगे इस टीम का नेतृत्व करने के लिए तैयार और आश्वस्त महसूस करता हूं।''

कप्तानी 

IPL 2024 में अक्षर ने की थी पहली बार कप्तानी 

अक्षर ने पहली बार IPL 2024 में DC के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ कप्तानी की थी। उस मुकाबले में तत्कालीन कप्तान ऋषभ पंत पर स्लो ओवर रेट के कारण प्रतिबंध लगा था। अक्षर ने अपना पहला IPL मैच पंजाब किंग्स (PBKS) के लिए साल 2014 में खेला था। बता दें कि पिछले सीजन तक DC की कप्तानी करने वाले पंत नीलामी के बाद LSG की टीम में चले गए थे।

ट्विटर पोस्ट

Twitter Post

करियर 

शानदार रहा है अक्षर का IPL करियर 

अक्षर ने अब तक 150 IPL मुकाबले खेले हैं। इसकी 113 पारियों में 36 बार नाबाद रहते हुए 21.46 की औसत से 1,653 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 66 रन रहा है। गेंदबाजी में इस खिलाड़ी ने 148 पारियों में 30.55 की औसत से 123 विकेट झटके हैं। उन्होंने 1 बार 4 विकेट हॉल अपने नाम किया है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/21 का रहा है।

टीम 

ऐसी है DC की पूरी टीम 

बल्लेबाज: करुण नायर, जेक फ्रेजर, फाफ डु प्लेसिस, ट्रिस्टन स्टब्स, अभिषेक पोरेल, डोनोवन फरेरा और केएल राहुलऑलराउंडर: अक्षर पटेल, समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, दर्शन नालकंडे, अजय जादव मंदल, विप्राज निगम, मानवनाथ कुमार, त्रिपुरा विजय और माधव तिवारी। गेंदबाज: कुलदीप यादव, दुष्मंथा चमीरा, मिचेल स्टार्क, मोहित शर्मा, टी नटराजन और मुकेश कुमार। DC के दल से हैरी ब्रूक ने अपना नाम वापस ले लिया था। उन पर IPL में खेलने को लेकर 2 साल का प्रतिबंध लगा है।