Page Loader
IPL 2025 नीलामी: ग्लेन मैक्सवेल को PBKS ने 4.20 करोड़ रुपये में खरीदा 
पिछले सीजन में RCB से खेले थे मैक्सवेल (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025 नीलामी: ग्लेन मैक्सवेल को PBKS ने 4.20 करोड़ रुपये में खरीदा 

Nov 24, 2024
07:25 pm

क्या है खबर?

सऊदी अरब के जेद्दा में हो रही इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 की नीलामी में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के ग्लेन मैक्सवेल को पंजाब किंग्स (PBKS) ने 4.20 करोड़ रुपये में खरीदा है। उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये था। वह पिछले सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की ओर से खेले थे। IPL 2024 में उनका बेहद खराब प्रदर्शन रहा था, जिसके बाद उन्हें RCB ने रिटेन नहीं किया था। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

करियर 

ऐसा है मैक्सवेल का IPL करियर 

मैक्सवेल ने साल 2012 में अपने IPL करियर का आगाज किया था। उन्होंने अब तक 134 मैच खेले हैं, जिसकी 129 पारियों में लगभग 25 की औसत और 156.73 की स्ट्राइक रेट के साथ 2,771 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 95 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 18 अर्धशतक अपने नाम किए हैं। IPL 2024 में उन्होंने 9 पारियों में 120.93 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 52 रन बनाए थे।

PBKS 

PBKS ने इन खिलाड़ियों को किया था रिटेन 

नीलामी से पहले PBKS ने शशांक सिंह और प्रभसिमरन सिंह के रूप में सिर्फ 2 खिलाड़ियों को रिटेन किया था। PBKS की फ्रेंचाइजी ने अर्शदीप सिंह को RTM का इस्तेमाल करके अपने साथ शामिल किया है। हर्षल पटेल, सैम कर्रन, जितेश शर्मा, कगिसो रबाडा, जॉनी बेयरस्टो और लियाम लिविंगस्टोन जैसे बड़े खिलाड़ियों को रिलीज करके चौंका दिया था। बता दें कि PBKS ने शशांक को 5.5 करोड़ रुपये और प्रभसिमरन को 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया था।