Page Loader
IPL 2024: PBKS ने रोमांचक मुकाबले में DC को हराया, ये बने रिकॉर्ड्स
रोचक रहा DC और PBKS के बीच मुकाबला (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: PBKS ने रोमांचक मुकाबले में DC को हराया, ये बने रिकॉर्ड्स

Mar 23, 2024
07:21 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के दूसरे मैच में पंजाब किंग्स (PBKS) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 4 विकेट से हरा दिया। मुल्लांपुर के नए स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में DC ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के बाद 174/9 का स्कोर बनाया। जवाब में PBKS ने सैम कर्रन के अर्धशतक (63) की मदद से 19.2 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। आइए इस मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

ऐसा रहा रोचक मुकाबला 

DC ने डेविड वार्नर (29) और मिचेल मार्श (20) की आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत पॉवरप्ले के बाद 54/1 का स्कोर बनाया। इसके बाद शाई होप (33) और अभिषेक पोरेल (32*) ने अच्छी पारी खेली और DC ने चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। जवाब में PBKS ने 42 रन तक शिखर धवन (22) और जॉनी बेयरस्टो (9) के विकेट गंवा दिए। इसके बाद कर्रन और लियाम लिविंगस्टोन (38*) ने टीम को जीत दिला दी।

पोरेल

पोरेल ने बनाया अपना सर्वोच्च स्कोर 

जब DC ने 138 रन के स्कोर पर अपना 7वां विकेट गंवाया, तब पोरेल क्रीज पर आए। उन्होंने आखिरी ओवरों में तेजी से बल्लेबाजी की और महज 10 गेंदों पर नाबाद 32 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के। अपना 5वां मैच खेल रहे पोरेल का यह IPL में सर्वोच्च स्कोर हो गया है। उन्होंने 20वां ओवर करने आए हर्षल पटेल की आखिरी 6 गेंदों पर 25 रन बटोरे।

IPL

एक बार फिर इशांत का शिकार बने धवन 

धवन ने 16 गेंदों पर 22 रन बनाए। उन्हें अनुभवी इशांत शर्मा ने बोल्ड कर दिया। इशांत ने IPL में धवन को 8 पारियों में चौथी बार आउट किया है। बता दें कि धवन ने इस तेज गेंदबाज के खिलाफ 38 गेंदों पर 41 रन बनाए हैं। इशांत ने 2 ओवर में 16 रन देते हुए 1 सफलता हासिल की। इसके बाद वह फील्डिंग करते हुए चोटिल हो गए और मैदान से बाहर चले गए थे।

जानकारी

धवन ने हासिल की ये उपलब्धि 

धवन ने अपनी इस पारी में 4 चौके लगाए। इस बीच वह IPL इतिहास में 900 बाउंड्रीज लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उनके लीग में 754 चौके और 148 छक्के हो गए हैं।

कर्रन

कर्रन ने खेली संघर्षपूर्ण पारी 

लक्ष्य का पीछा करते हुए कर्रन ने 39 गेंदों पर अपने IPL करियर का चौथा अर्धशतक पूरा किया। इस बीच उन्होंने प्रभसिमरन सिंह के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी की। इसके बाद कर्रन ने लिविंगस्टोन के साथ मिलकर 5वें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। वह 47 गेंदों पर 63 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 6 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। ये उनके IPL का सर्वोच्च स्कोर भी बन गया।