Page Loader
IPL 2024: अभिषेक शर्मा का CSK के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े
अभिषेक शर्मा CSK के खिलाफ बड़ी पारी खेलना चाहेंगे (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: अभिषेक शर्मा का CSK के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े

Apr 27, 2024
05:18 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 46वें मुकाबले में रविवार (28 अप्रैल) को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का सामना चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) से होगा। यह मुकाबला CSK के घरेलू मैदान यानी एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में SRH को अपने सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा से फिर से तेज शुरुआत की उम्मीद होगी। वह इस सीजन बेहतरीन फॉर्म में भी है। आइए अभिषेक के IPL में CSK के खिलाफ अब तक के प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।

प्रदर्शन

CSK के खिलाफ अभिषेक के आंकड़ों पर एक नजर

अभिषेक IPL में CSK के खिलाफ भले ही कागजों पर ज्यादा मजबूत नहीं हैं, लेकिन उनकी मौजूदा फॉर्म शानदार है। उन्होंने CSK के खिलाफ अब तक 7 मैचों में 33.71 की औसत और 154.25 की स्ट्राइक रेट से 236 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 75 रन के उच्चतम स्कोर के साथ एकमात्र अर्धशतक जड़ा है। वह एक भी पारी में नाबाद नहीं रहे हैं। उन्होंने फील्डिंग के दौरान इस टीम के खिलाफ 1 कैच भी लपका है।

आंकड़े

CSK के प्रमुख गेंदबाजों के खिलाफ अभिषेक का प्रदर्शन?

अभिषेक का CSK के तेज गेंदबाज दीपक चाहर से 2 IPL मुकाबलों में सामना हुआ है, जिसमें वह दोनों बार ही आउट हुए हैं। अभिषेक उनके खिलाफ 8 गेंदों में 16 रन बनाने में सफल रहे हैं। तुषार देशपांडे के खिलाफ उन्होंने 1 पारी में 7 गेंदों में 7 रन बनाए हैं और आउट नहीं हुए हैं। मुस्तफिजुर रहमान के खिलाफ उन्होंने 2 पारियों में 8 गेंदों में 12 रन बनाए हैं और आउट नहीं हुए हैं।

करियर

कैसा रहा है अभिषेक का IPL करियर?

अभिषेक ने 2018 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह 55 मैच की 53 पारियों में 25.13 की औसत और 151.02 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,181 रन बना चुके हैं। उन्होंने 30 अर्धशतक भी जड़े हैं। लीग में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 75 रन का ही रहा है। वह लीग में 113 चौके और 57 छक्के भी जड़ चुके हैं। इसी तरह वह 25 पारियों में 9 विकेट भी चटका चुके हैं।