Page Loader
IPL 2024: GT ने रोमांचक मुकाबले में MI को 6 रन से हराया, ये बने रिकॉर्ड्स 
गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच रोमांचक हुआ मुकाबला (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: GT ने रोमांचक मुकाबले में MI को 6 रन से हराया, ये बने रिकॉर्ड्स 

Mar 24, 2024
11:25 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 5वें मैच में गुजरात टाइटंस (GT) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 6 रन से हरा दिया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मैच में GT ने निर्धारित 20 ओवर के बाद 6 विकेट खोकर 168 का स्कोर बनाया। जवाब में MI की टीम रोहित शर्मा (43) और डेवाल्ड ब्रेविस (46) की पारियों के बावजूद 162/9 का स्कोर ही बना सकी। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

ऐसा रहा रोचक मुकाबला 

GT से शुभमन गिल (31) और साई सुदर्शन (45) ने शीर्षक्रम में अच्छी बल्लेबाजी की। आखिरी ओवरों में राहुल तेवतिया ने 15 गेंदो में 22 रन का योगदान देते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में MI को ईशान किशन (0) के रूप में शुरुआती झटका लग गया। इसके बाद रोहित और ब्रेविस ने उम्दा पारी खेली। हालांकि, इन बल्लेबाजों के विकेट के पतन के बाद MI की टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी।

बुमराह

बुमराह ने की शानदार गेंदबाजी 

बुमराह ने अपने पहले ओवर के दौरान ही रिद्धिमान साहा को बोल्ड कर दिया। इसके बाद उन्होंने सुदर्शन और डेविड मिलर (12) के रूप में प्रमुख विकेट चटकाए। इस बीच बुमराह किफायती भी साबित हुए। उन्होंने अपने 4 ओवर में 3.50 की इकॉनमी रेट के साथ 14 रन देते हुए 3 विकेट लिए। उनके बाद गेराल्ड कोएत्जी ने 6.80 की इकॉनमी रेट से 27 रन देते हुए 2 विकेट चटकाए।

उपलब्धि 

बुमराह ने MI के लिए पूरे किए अपने 150 विकेट 

बुमराह ने MI की ओर से अपने 150 विकेट पूरे किए हैं। उनके MI के लिए अब 23.02 की औसत से 151 विकेट हो गए हैं। MI की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड फिलहाल लसिथ मलिंगा के नाम पर है। उन्होंने 195 विकेट झटके हैं। इन दोनों के अलावा MI के लिए 100 से ज्यादा विकेट सिर्फ हरभजन सिंह (147) ने झटके हैं। MI के एक और दिग्गज खिलाड़ी किरोन पोलार्ड (79) चौथे स्थान पर हैं।

रोहित 

रोहित ने खेली शानदार पारी 

इस सीजन के अपने मैच में रोहित बेहतरीन लय में नजर आए। उन्होंने मौके मिलने पर कुछ आकर्षक शॉट लगाए। वह 29 गेंदों पर 43 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 7 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। वह अपने IPL करियर के 43वें अर्धशतक से चूक गए। दिलचस्प रूप से ये 19वां मौका है, जब रोहित ने IPL में 40 से अधिक रन की पारी खेली है और अर्धशतक नहीं बना सके हैं।

जानकारी

ब्रेविस अपने पहले अर्धशतक से चूके 

ब्रेविस अपने IPL करियर के पहले अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने 38 गेंदों पर 46 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उन्हें मोहित शर्मा ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया।