Page Loader
IPL 2022: अहमदाबाद फ्रेंचाइजी की कप्तानी कर सकते हैं हार्दिक पांड्या
हार्दिक पांड्या

IPL 2022: अहमदाबाद फ्रेंचाइजी की कप्तानी कर सकते हैं हार्दिक पांड्या

Jan 11, 2022
10:02 am

क्या है खबर?

भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अगले सीजन में CVC की स्वामित्व वाली अहमदाबाद फ्रेंचाइजी की कप्तानी कर सकते हैं। पिछले सीजन में मुंबई इंडियंस (MI) से खेलने वाले हार्दिक को पांच बार की चैंपियन टीम ने रिलीज कर दिया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक अहमदाबाद फ्रेंचाइजी अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान को भी साइन करने की योजना बना रही है। इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट

पहली बार IPL में कप्तान बन सकते हैं हार्दिक

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक पांड्या पहली बार किसी IPL फ्रेंचाइजी की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। मूल रूप से गुजरात के रहने वाले पांड्या अहमदाबाद फ्रेंचाइजी की कप्तानी कर सकते हैं। इसके अलावा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोमवार को नई फ्रेंचाइजी अहमदाबाद को लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) दे दिया है। बता दें अहमदाबाद और लखनऊ के रूप में दो नई फ्रेंचाइजी आगामी IPL में पहली बार हिस्सा लेंगी।

करियर

ऐसा रहा है पांड्या का IPL करियर

पांड्या ने IPL 2015 में मुंबई इंडियंस (MI) की ओर से पहला लीग मैच खेला था सात सीजन के बाद उन्होंने 92 मैचों में 27.33 की औसत से 1,476 रन बनाए हैं। दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने 3/20 के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ 42 विकेट लिए हैं। MI ने 2022 संस्करण के लिए पांड्या को रिटेन नहीं किया। वहीं रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव और कीरोन पोलार्ड को MI ने बरकरार रखा है।

खराब फॉर्म

खराब दौर से गुजर रहे हैं पांड्या

पिछले दो IPL सीजन में हार्दिक ने MI के लिए एक भी गेंद नहीं फेंकी है और वह केवल स्पेशलिस्ट बल्लेबाज के रूप में खेले हैं। बल्लेबाजी में भी उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। 2020 में खेले 14 मैचों में उन्होंने 35.12 की औसत से 281 रन बनाए जिसमें एक अर्धशतक शामिल रहा था। 2021 सीजन में उन्होंने 12 मैचों में 14.11 की औसत के साथ केवल 127 रन ही बनाए थे।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

हार्दिक पांड्या की साल 2019 में बैक सर्जरी हुई थी, इसके बाद से वह IPL और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नियमित गेंदबाजी नहीं कर सके हैं। इसके बाद से वह ज्यादातर मैचों में स्पेशलिस्ट बल्लेबाज के तौर पर खेले हैं।

रिपोर्ट

राशिद और ईशान को भी चुन सकती है अहमदाबाद

पांड्या को कप्तान नियुक्त करने के अलावा अहमदाबाद फ्रेंचाइजी राशिद खान और ईशान किशन को भी चुन सकती है। दोनों खिलाड़ियों ने क्रमश: सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और मुंबई इंडियंस (MI) के लिए अपनी क्षमता साबित की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत के पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा को अहमदाबाद फ्रेंचाइजी का मुख्य कोच बनाया जा सकता है। बता दें नेहरा इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के साथ कोचिंग कर चुके हैं।