Page Loader
कौन हैं राजस्थान रॉयल्स से अपना IPL डेब्यू करने वाले गेंदबाज चेतन सकारिया?

कौन हैं राजस्थान रॉयल्स से अपना IPL डेब्यू करने वाले गेंदबाज चेतन सकारिया?

Apr 13, 2021
02:12 pm

क्या है खबर?

बीते सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 का चौथा मैच पंजाब किंग्स (PBKS) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच वानखेड़े में खेला गया। इस मैच में RR की ओर से युवा गेंदबाज चेतन सकारिया ने अपना IPL पर्दापण किया। भले ही RR की टीम को रोमांचक मैच में शिकस्त झेलनी पड़ी हो लेकिन सकारिया अपने गेंदबाजी से सबको प्रभावित करने में सफल रहे। उनके अब तक के सफर पर एक नजर डालते हैं।

करियर

ऐसा रहा है अब तक का करियर

सकारिया ने 2018 में सौराष्ट्र के लिए अपना फर्स्ट क्लास और लिस्ट-ए डेब्यू किया। ​अब तक उन्होंने 15 फर्स्ट क्लास मैचों में 34.07 की औसत से 41 विकेट लिए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 63 रन देकर छह विकेट लेना रहा है। ​दूसरी तरफ सात लिस्ट-ए मैचों में सकरिया ने 10 विकेट हासिल किए हैं। ​वहीं टी-20 क्रिकेट में वह 17 मैचों में 31 विकेट झटक चुके हैं।

जानकारी

बल्लेबाज बनना चाहते थे सकारिया

सकारिया भावनगर जिले के वारतेज गांव से संबंध रखते हैं, जो कि राजकोट से लगभग 180 किमी दूर है। वह बचपन में बल्लेबाज बनना चाहते थे लेकिन उन्होंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत अच्छे गेंदबाज के तौर पर की है।

IPL नीलामी

इस सीजन के तीसरे सबसे महंगे भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ी हैं सकारिया

IPL 2021 की नीलामी में तेज गेंदबाज चेतन सकारिया तीसरे सबसे महंगे भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ी बने थे। 20 लाख के बेस प्राइस वाले सकारिया को RR ने 1.2 करोड़ रुपये में अपने साथ शामिल किया था। उन्होंने अपने IPL करियर के पहले मैच में पंजाब के खिलाफ 31 रन देकर तीन विकेट लिए हैं। बता दें सकारिया पिछले सीजन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के साथ बतौर नेट गेंदबाज UAE गए थे।

संघर्ष

मुश्किल भरा रहा है सकरिया का सफर

22 वर्षीय सकारिया बेहद गरीब परिवार से आते हैं। अपने क्रिकेटिंग करियर के दौरान उन्हें कई बार आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। ESPNcricinfo के अनुसार अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत के समय में सकारिया के पास मैच खेलने के लिए जूते भी नहीं थे। तब उनकी मदद मौजूदा KKR के बल्लेबाज शेल्डन जैक्सन ने की थी। ​हालांकि, इस नीलामी में अच्छी कीमत पर बिककर सकारिया ने आर्थिक चुनौतियों को लांघने में सफलता हासिल की है।

हादसा

हाल ही में इस दुखद हादसे से गुजरे हैं सकारिया

जब चेतन सकारिया सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2021 में खेल रहे थे, तो उनके भाई का निधन हो गया था। ​दरअसल, चेतन के भाई की मौत आत्महत्या के कारण हुई थी और उनके परिवार ने इस बारे में चेतन को जानकारी नहीं दी थी। ​जब चेतन को अपने भाई की मौत का पता चला तो वह एक हफ्ते तक सदमे में चले गए थे। उन्होंने कुछ दिन किसी से बात नहीं की थी और खाना भी नहीं खाया था।

जानकारी

भाई की मृत्यु के एक महीने बाद चेतन ने हासिल किया IPL कॉन्ट्रैक्ट

अपने भाई की मृत्यु के एक महीने बाद, चेतन ने एक IPL कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया। पहले मैच में अच्छी गेंदबाजी करने वाले चेतन से इस सीजन उम्दा प्रदर्शन की उम्मीद की जा सकती है। RR के निदेशक संगाकारा भी उनकी गेंदबाजी से प्रभावित हुए हैं।