LOADING...
RCB बनाम DC: भरत-मैक्सवेल के अर्धशतक से जीता बैंगलोर, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स
भरत ने खेली शानदार पारी

RCB बनाम DC: भरत-मैक्सवेल के अर्धशतक से जीता बैंगलोर, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स

लेखन Neeraj Pandey
Oct 08, 2021
11:12 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 के 56वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को सात विकेट से हरा दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए DC ने शिखर धवन (43) की बदौलत 164/5 का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में केएस भरत (78*) की शानदार पारी की बदौलत RCB ने शानदार जीत हासिल की। आइए जानते हैं कैसा रहा मुकाबला और क्या बने इसमें रिकॉर्ड्स।

लेखा-जोखा

इस तरह RCB को मिली जीत

पहले बल्लेबाजी करते हुए DC के लिए पृथ्वी शॉ (48) और धवन (43) ने 10 ओवर में 88 रनों की साझेदारी की। इसके बाद RCB के गेंदबाजों ने वापसी की और DC को 164 के स्कोर पर रोका। RCB के लिए मोहम्मद सिराज ने दो विकेट लिए। स्कोर का पीछा करते हुए RCB ने छह के स्कोर पर दो और 55 के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए थे। भरत (78*) और ग्लेन मैक्सवेल (51*) ने उन्हें जीत दिलाई।

आखिरी ओवर

आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर भरत ने दिलाई RCB को जीत

एनरिच नोर्खिया ने 19वें ओवर में केवल चार खर्च करते हुए आवेश खान को आखिरी ओवर में 15 रन बचाने की जिम्मेदारी दी थी। आवेश ने पहली चार गेंदों में केवल सात रन देकर मैच को DC की ओर झुका दिया था। पांचवीं गेंद पर दो रन बने और छठी गेंद वाइड हुई। आखिरी गेंद पर पांच रनों की जरूरत होने पर भरत ने छक्का लगाते हुए अपनी टीम को दमदार जीत दिलाई।

उपलब्धि

भरत ने लगाया अपना पहला IPL अर्धशतक

UAE लेग शुरु होने के बाद IPL डेब्यू करने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज केएल भरत ने 37 गेंदों में अपना पहला IPL अर्धशतक लगाया। भरत ने 52 गेंदों में नाबाद 78 रनों की पारी खेली। भरत की पारी में तीन चौके और चार छक्के शामिल रहे। भरत द्वारा खेली गई पारी RCB के लिए इस सीजन तीन नंबर पर किसी बल्लेबाज द्वारा लगाया गया पहला अर्धशतक है। RCB ने इस सीजन तीन नंबर को लेकर काफी प्रयोग किया है।

जानकारी

100 मैच जीतने वाली चौथी टीम बनी RCB

यह RCB की IPL में 100वीं जीत है और वे ऐसा करने वाली चौथी टीम बन गए हैं। अब तक मुंबई इंडियंस (126), चेन्नई सुपर किंग्स (115) और कोलकाता नाइट राइडर्स (106) ने ही यह कारनामा किया था।

शिखर धवन

दिल्ली के लिए 2,000 रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज बने धवन

शिखर धवन ने 35 गेंदों में 43 रनों की पारी खेली जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे और दिल्ली के लिए अपने 2,000 रन भी पूरे किए। धवन दिल्ली के लिए 61 मैचों में 39.66 की औसत के साथ 2,023 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 16 अर्धशतक और दो शतक लगाए हैं। DC के लिए धवन से पहले वीरेंद्र सहवाग (2,174), श्रेयस अय्यर (2,344*) और ऋषभ पंत (2,441*) ने 2,000 या उससे अधिक रन बनाए हैं।