Page Loader
PBKS बनाम MI: पंजाब को मिला 132 रनों का लक्ष्य, रोहित ने लगाया अर्धशतक

PBKS बनाम MI: पंजाब को मिला 132 रनों का लक्ष्य, रोहित ने लगाया अर्धशतक

लेखन Neeraj Pandey
Apr 23, 2021
09:13 pm

क्या है खबर?

चेन्नई में खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 17वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) ने पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 131/6 का स्कोर खड़ा किया है। मुंबई के लिए उनके कप्तान रोहित शर्मा (63) ने सबसे अधिक रन बनाए। पंजाब के लिए रवि बिश्नोई और मोहम्मद शमी ने सबसे अधिक दो-दो विकेट हासिल किए। आइए जानते हैं कैसी रही मुंबई की पारी और कुछ अन्य जरूरी बातें।

पावरप्ले

मुंबई ने की काफी धीमी शुरुआत

पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने दूसरे ओवर की अंतिम गेंद पर सात रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवाया था। पहला विकेट गिरने के बाद मुंबई के रन बनाने की गति पर एकदम अंकुश लग गया था। पावरप्ले में मुंबई ने एक विकेट के नुकसान पर केवल 21 रन बनाए। यह पावरप्ले में उनके द्वारा बनाया गया संयुक्त रूप से दूसरा सबसे कम स्कोर है। पावरप्ले में उनका सबसे कम स्कोर 17/3 है।

रोहित शर्मा

200 IPL पारी खेलने वाले पहले बल्लेबाज बने रोहित

रोहित शर्मा की यह IPL में 200वीं पारी है और वह ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं। अपनी 200वीं पारी में रोहित ने अर्धशतकीय पारी खेली। रोहित ने 52 गेंदों में 63 रनों की पारी खेली जिसमें दो छक्के और पांच चौके शामिल रहे। IPL में रोहित ने 40वां अर्धशतक लगाया है और संयुक्त रूप से तीसरे सबसे अधिक अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बने हैं। इसके अलावा रोहित चौथे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं।

जानकारी

जारी है ईशान किशन का संघर्ष

मुंबई के युवा बल्लेबाज ईशान किशन का संघर्ष जारी है। आज के मुकाबले में भी किशन 17 गेंदों में केवल छह रन बना सके और सीजन का पहला मैच खेल रहे रवि बिश्नोई का शिकार बने।

रवि बिश्नोेई

बिश्नोई ने की शानदार गेंदबाजी

2020 में IPL डेब्यू सीजन में 12 विकेट लेने वाले युवा लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को इस सीजन का पहला मैच खेलने का मौका मिला और उन्होंने इसे दोनों हाथों से भुनाया। बिश्नोई ने चार ओवर्स में केवल 21 रन खर्च करते हुए दो विकेट हासिल किए। बिश्नोई ने पहले स्पेल में किशन और दूसरे स्पेल में सेट हो चुके सूर्यकुमार यादव (33) का अहम विकेट हासिल किया।