
DC बनाम KKR: पृथ्वी के अर्धशतक की बदौलत दिल्ली ने सात विकेट से जीता मैच
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 25वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को सात विकेट से हरा दिया है।
KKR ने पहले खेलते हुए आंद्रे रसेल (45*) की पारी की बदौलत 154/6 का स्कोर बनाया।
जवाब में पृथ्वी शॉ के 82 रनों की पारी की मदद से DC ने आसानी से लक्ष्य हासिल किया।
KKR से पैट कमिंस ने 24 रन देकर तीनों विकेट लिए।
मैच में बने रिकार्ड्स एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
दिल्ली ने ऐसे जीता मैच
टॉस हारकर पहले खेलते हुए KKR के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने 38 गेंदों में 43 रन बनाए। निचले क्रम में आंद्रे रसेल ने 27 गेंदों में दो चौकों और चार छक्के की मदद से 45* रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। DC से अक्षर पटेल और ललित यादव ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पृथ्वी शॉ ने तेज अर्धशतक लगाकर टीम को आसानी से जीत दिलवाई। वहीं शिखर धवन ने 46 रन बनाए।
पृथ्वी शॉ
पृथ्वी शॉ ने लगाया इस सीजन का सबसे तेज अर्धशतक
155 के लक्ष्य का पीछा करते हुए पृथ्वी शॉ ने जोरदार शुरुआत की। उन्होंने महज 18 गेंदों में नौ चौके और एक छक्के की मदद से अपने IPL करियर का नौवां अर्धशतक लगाया। यह इस सीजन का अब तक सबसे तेज अर्धशतक है।
उन्होंने पॉवरप्ले में शिखर धवन के साथ मिलकर तेजी से 67 रन जोड़े।
आज के मुकाबले में पृथ्वी ने 41 गेंदों में 82 रनों की आक्रामक पारी खेली।
क्या आप जानते हैं?
धवन ने IPL में पूरे किए 5,500 रन
शिखर धवन ने 47 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 46 रन बनाए। इस बीच उन्होंने IPL करियर में 5,500 रनों के आंकड़े को पार किया है। वह ऐसा करने वाले विराट कोहली के बाद सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बने हैं।
रिकार्ड्स
पृथ्वी ने बनाए ये रिकार्ड्स
पृथ्वी ने शिवम मावी के पहले ओवर में छह चौके लगा दिए। वह IPL में एक ओवर में छह चौके लगाने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने हैं।
बता दें उनसे पहले आजिंक्या रहाणे IPL 2012 में ऐसा कर चुके हैं।
पृथ्वी पारी की पहले ओवर में ऐसा कारनामा करने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं।
उन्होंने 18 गेंदों में अपना अर्धशतक बनाया और यह DC की ओर से संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है।