LOADING...
IPL 2021: इस सीजन सबसे अधिक दाम में बिकने वाले पांच भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ी

IPL 2021: इस सीजन सबसे अधिक दाम में बिकने वाले पांच भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ी

Feb 20, 2021
08:30 am

क्या है खबर?

भारत की प्रतिष्ठित इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 की नीलामी बीते गुरुवार को चेन्नई में संपन्न हुई, जिसमें कुछ भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों के हिस्से में खूब पैसे आए। दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर क्रिस मॉरिस 16.25 करोड़ रुपये में राजस्थान रॉयल्स (RR) द्वारा खरीदे गए और लीग में सबसे महंगे बिकने का नया कीर्तिमान बनाया। अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेटर्स के अलावा कुछ भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ियों की किस्मत भी चमकी। उन पर एक नजर डालते हैं।

#1

कृष्णप्पा गौतम

20 लाख रुपये के बेस प्राइस वाले गौतम के लिए पहली बोली कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) ने लगाई थी। हालांकि, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने स्पिन ऑलराउंडर को 9.25 करोड़ रूपये की धनराशि में अपने साथ शामिल किया। 2018 सीजन में मुंबई इंडियंस ने क्रुणाल पंड्या को 8.8 करोड़ रुपये में खरीदा था। अब तक पंड्या सबसे महंगे दाम में बिकने वाले अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी बने हुए थे। गौतम ने उनके रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।

#2

शाहरुख खान

तमिलनाडु के मध्यक्रम के बल्लेबाज शाहरुख खान को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 के लिए पंजाब किंग्स ने अपने साथ शामिल किया है। 25 वर्षीय शाहरुख को पंजाब ने 5.25 करोड़ रुपये की धनराशि में खरीदा है। वह IPL 2021 की नीलामी में बीस लाख के बेस प्राइस में उपलब्ध थे। उनको खरीदने के लिए पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर फ्रेंचाइजी आमने-सामने थी, जिसमें अंततः पंजाब ने बाजी मारी।

#3

चेतन सकारिया

IPL 2021 में तेज गेंदबाज चेतन सकारिया तीसरे सबसे महंगे भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ी बने हैं। 20 लाख के बेस प्राइस वाले स्कारिया को राजस्थान रॉयल्स (RR) ने 1.2 करोड़ रुपये में अपने साथ शामिल किया है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सौराष्ट्र की टीम से सकरिया ने पांच मैचों में 12 विकेट लिए थे। इस दौरान उन्होंने विदर्भ के खिलाफ पांच विकेट भी झटके थे। सकारिया पिछले सीजन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के साथ बतौर नेट गेंदबाज UAE गए थे।

#4

जगदीश सुचित

IPL 2021 की नीलामी में SRH ने जगदीश सुचित को 30 लाख रुपये में अपने साथ शामिल किया। वह 20 लाख के बेस प्राइस में उपलब्ध थे। बाएं हाथ के स्पिनर सुचित ने अब तक IPL करियर में 15 मैचों में 33 की औसत से 12 विकेट लिए हैं। वह आखिरी बार IPL 2019 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) की ओर से खेले थे। पिछले सीजन में उन्हें पंजाब किंग्स ने खरीदा था लेकिन मैच नहीं खेल सके थे।

#5

जलज सक्सेना

ऑलराउंडर जलज सक्सेना को पंजाब किंग्स ने उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में ही खरीदा। ​सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इस सीजन में वह केरल की ओर से खेले थे। अब तक के टी-20 करियर में जलज ने 59 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 18.20 की औसत से 59 ही विकेट लिए हैं। इस बीच उनका बेस्ट प्रदर्शन 16 रन देकर पांच विकेट लेना रहा है। दूसरी तरफ बल्ले से उन्होंने 661 रन भी बनाए हैं।