IPL 2021 नीलामी: स्टीव स्मिथ को दिल्ली कैपिटल्स ने 2.20 करोड़ रुपये में खरीदा

ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ अगले IPL में दिल्ली कैपिटल्स (DC) की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे। IPL 2021 की नीलामी में उन्हें 2.2 करोड़ रुपये में DC अपने साथ शामिल किया है। बता दें पिछले सीजन में राजस्थान रॉयल्स (RR) की ओर से खेलने वाले स्मिथ को टीम ने रिलीज कर दिया था। वह इस बार नीलामी में दो करोड़ रूपये के बेस प्राइस में उपलब्ध थे। आइए एक नजर डालते हैं पूरी खबर पर।
DC ने स्मिथ को अपने साथ जोड़कर अपने स्क्वाड में अनुभवी बल्लेबाजों में इजाफा किया है। उनसे पहले DC में अजिंक्या रहाणे और शिखर धवन जैसे अनुभवी बल्लेबाज मौजूद हैं। स्मिथ के अलावा DC में विदेशी खिलाड़ियों के रूप में उनके हमवतन मार्कस स्टोइनिस, वेस्टइंडीज के शिमरॉन हेटमायर, दक्षिण अफ्रीका के कगिसो रबाडा व एनरिक नॉर्खिया और इंग्लैंड के क्रिस वोक्स मौजूद हैं। बता दें पिछली बार DC की टीम अय्यर की अगुवाई में उपविजेता रही थी।
स्मिथ ने पिछले सीजन कप्तानी और अपनी बल्लेबाजी दोनों से निराश किया था। पिछले सीजन खेले 14 मैचों में स्मिथ ने लगभग 26 की औसत के साथ 311 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक-रेट भी 130 के करीब का ही था। पिछले सीजन उनके बल्ले से निकले तीन अर्धशतकों को निकाल दें तो बाकी मैचों में वह लगातार फेल हुए थे। कप्तान होने के कारण स्मिथ सीजन के सभी 14 मैचों में खेले भी थे।
अपने IPL करियर में स्मिथ ने अब तक 95 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 35.34 की औसत से 2,333 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 101 के उच्चतम स्कोर के साथ एक शतक और 11 अर्धशतक भी लगाए हैं
IPL 2018 के लिए स्मिथ को राजस्थान रॉयल्स (RR) ने 12.5 करोड़ की बड़ी राशि में अपने साथ शामिल किया था। पिछले सीजन में स्मिथ ने टीम की कप्तानी की, जिसमें RR ने निराशजनक प्रदर्शन किया था। IPL 2020 में RR ने सिर्फ छह मैच जीते और अंक तालिका में अंतिम आठवां स्थान हासिल किया। बल्ले से असफल साबित हुए स्मिथ कप्तानी में भी फेल हुए थे, यही कारण था कि टीम ने उन्हें रिलीज किया था।
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ IPL में अब तक तीन टीमों से खेल चुके हैं और खिताब नहीं जीत सके हैं। साल 2017 में स्मिथ की कप्तानी में राइजिंग पुणे सुपरजायंट की टीम उपविजेता रही थी।