Page Loader
फिसड्डी साबित हुए इस IPL सीजन के पांच सबसे महंगे खिलाड़ी, ऐसा रहा प्रदर्शन

फिसड्डी साबित हुए इस IPL सीजन के पांच सबसे महंगे खिलाड़ी, ऐसा रहा प्रदर्शन

Nov 12, 2020
09:20 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 13वें सीजन का खिताब मुंबई इंडियंस (MI) ने अपने नाम किया। इसके साथ ही MI ने रिकॉर्ड पांचवी बार IPL का फाइनल जीता। इस सीजन में कुछ नये चेहरों ने शानदार प्रदर्शन किया तो दूसरी तरफ कुछ बड़े नामों ने निराश किया। वहीं इस बार बड़ी धनराशि में खरीदे गए खिलाड़ी भी कुछ खास प्रभाव नहीं छोड़ सके। आइए जानते हैं IPL 2020 के पांच सबसे महंगे खिलाड़ी और उनका प्रदर्शन कैसा रहा।

#1

पैट कमिंस

दो करोड़ रूपये की बेस प्राइस वाले कमिंस को KKR ने 15.50 करोड़ रूपये की बड़ी बोली लगाकर खरीदा था। इस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने इस IPL सीजन में 14 मैचों में 34.08 की औसत से मात्र 12 विकेट लिए हैं। वहीं बल्लेबाजी में एक अर्धशतक की मदद से 146 रन बनाए। कमिंस ने MI के खिलाफ 36 गेंदों में 53 रनों की नाबाद पारी खेली थी।

#2

ग्लेन मैक्सवेल

इस सीजन के लिए KXIP ने ग्लेस मैक्सवेल को 10.75 रूपये की बड़ी धनराशि में अपने साथ शामिल किया। दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी मैक्सवेल के लिए यह सीजन किसी बुरे सपने जैसा रहा। KXIP के स्टार ऑलराउंडर ने IPL 2020 में 13 मैचों में 15.43 की मामूली औसत से सिर्फ 108 रन बनाए। इस बीच उनका बेस्ट स्कोर 32 रन रहा। वहीं गेंदबाजी में मैक्सवेल ने सिर्फ तीन विकेट हासिल किए।

#3

क्रिस मोरिस

क्रिस मोरिस को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने 10 करोड़ रूपये में अपने साथ शामिल किया था। दक्षिण अफ्रीका के स्टार ऑलराउंडर ने इस सीजन में नौ मैचों में 19 की औसत से 11 विकेट लिए। इस बीच उनका इकॉनमी रेट 6.69 का रहा। वहीं बल्लेबाजी में उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले। मोरिस ने इस सीजन में सिर्फ 34 रन बनाए। फिटनेस की समस्या से जूझने के कारण वह सभी मैच नहीं खेल सके थे।

#4

शेल्डन कॉट्रेल

वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज शेल्डन कॉट्रेल को किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) ने आठ करोड़ पचास लाख रूपये में खरीदा था। अपने डेब्यू सीजन में उन्होंने छह मैचों में 29.33 की औसत और 8.8 के इकॉनमी रेट से सिर्फ छह विकेट लिए। राहुल तेवतिया से एक ओवर में पांच छक्के खाने वाले कॉट्रेल अपनी गेंदबाजी से टीम का भरोसा नहीं जीत सके। उनकी टीम KXIP प्ले-ऑफ में भी अपनी जगह नहीं बना सकी और अंक तालिका में छठवें स्थान पर रही।

#5

नाथन कूल्टर नाइल

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज नाथन कूल्टर नाइल को मुंबई इंडियंस (MI) ने आठ करोड़ रूपये में अपने साथ शामिल किया था। उनका प्रदर्शन इस सीजन में कुछ खास नहीं रहा। कूल्टर नाइल ने सात मैचों में 41.2 की औसत और 7.92 की इकॉनमी रेट से सिर्फ पांच विकेट ही लिए। इस सीजन में उनका बेस्ट प्रदर्शन 2/29 रहा। दूसरी तरफ बल्लेबाजी में उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिल सके। हालांकि, उनकी टीम इस बार विजेता बनी।