IPL 2020: कौनसी टीम खरीद सकती है कितने खिलाड़ी और किसके पास बचा है कितना पैसा?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अगले सीज़न के लिए ट्रेड विंडो का अतिरिक्त समय खत्म होने के साथ ही सभी आठ टीमों ने अपने-अपने रिटेन और रिलीज़ खिलाड़ियों की लिस्ट जारी कर दी। इसके साथ ही यह भी साफ हो गया कि अब अगले महीने होने वाली नीलामी के लिए किस टीम के पास कितनी राशि है। नीलामी में सबसे ज्यादा धनराशि किंग्स इलेवन पंजाब लेकर उतरेगी। किंग्स के पास 42.70 करोड़ रुपये की राशि है।
नीलामी में सात खिलाड़ियों को खरीद सकती है मुंबई इंडियंस
मुंबई इंडियंस ने कुल 10 खिलाड़ियों को रिलीज़ किया। अब मुंबई के पास 18 खिलाड़ी हैं, जिसमें 12 भारतीय और 6 विदेशी हैं। IPL 2020 की नीलामी में MI कुल सात खिलाड़ियों को खरीद सकती है। मुंबई दो विदेशी और पांच भारतीय खिलाड़ियों को खरीद सकती है। नीलामी के लिए मुंबई के पास 13.05 करोड़ रुपये हैं। मुंबई ने युवराज, बेहरनडार्फ, एविन लुईस, एडम मिल्ने, कटिंग, अलज़ारी जोसेफ, ब्यूरेन हेंड्रिक्स, रसिख सलाम, पंकज जयसवाल और बरिंदर स्रान को रिलीज़ किया।
11 खिलाड़ियों को खरीद सकती है दिल्ली कैपिटल्स
दिल्ली ने कुल 9 खिलाड़ियों को रिलीज़ किया। अब दिल्ली नीलामी में 11 खिलाड़ियों को खरीद सकती है। दिल्ली के पास अभी 14 खिलाड़ी हैं। नीलामी में दिल्ली छह भारतीय और पांच विदेशी खिलाड़ियों को खरीद सकती है। दिल्ली के पास कुल 27.85 करोड़ रुपये हैं। दिल्ली ने क्रिस मॉरिस, कॉलिन मुनरो, कॉलिन इंगराम, अंकुश बैंस, बी अयप्पा, जलज सक्सेना, मनजोत कालरा, नाथू सिंह और हनुमा विहारी को रिलीज़ किया।
नीलामी में 9 खिलाड़ियों को खरीद सकती है किंग्स इलेवन पंजाब
किंग्स इलेवन पंजाब ने कुल सात खिलाड़ियों को रिलीज़ किया। पंजाब के पास अब 16 खिलाड़ी हैं और वो 9 खिलाड़ियों को खरीद सकती है। पंजाब के पास 42.70 करोड़ रुपये हैं, जिससे वह नीलामी में चार विदेशी और पांच भारतीय खिलाड़ी खरीद सकती है। पंजाब ने वरुण चक्रवर्ती, सैम कर्रन, डेविड मिलर, एंड्रयू टाय, प्रभसिमरन सिंह, अग्निवेश अयाची और मोइसेस हेनरिक्स को रिलीज़ किया। पंजाब ने सैम को 7.2 करोड़ और वरुण को 8.4 करोड़ रुपये में खरीदा था।
11 खिलाड़ियों को खरीद सकती है कोलकाता नाइट राइडर्स
कोलकाता नाइट राइडर्स ने कुल 11 खिलाड़ियों को रिलीज़ किया। अब कोलकाता नीलामी में 11 खिलाड़ियों को खरीद सकती है। कोलकाता के पास 35.65 करोड़ रुपये हैं, जिससे वो सात भारतीय और चार विदेशी खिलाड़ियों को खरीद सकती है। कोलकाता ने बड़ा फैसला लेते हुए रॉबिन उथप्पा, क्रिस लिन, पीयुष चावला, जो डेनली, यारा पृथ्वीराज, निखिल नायक, केसी करियप्पा, मैट कैली, एस मुंडे, एनरिक नॉर्टजे औऱ वेस्टइंडीज के पॉवरफुल ऑलराउंडर कार्लोस ब्राथवेट को रिलीज़ कर दिया है।
नीलामी में 11 खिलाड़ियों को खरीद सकती है राजस्थान रॉयल्स
राजस्थान रॉयल्स ने आगामी सीज़न से पहले 11 खिलाड़ियों को रिलीज़ किया। अब राजस्थान IPL 2020 की नीलामी में 11 खिलाड़ियों को खरीद सकती है। राजस्थान के पास 28.90 करोड़ रुपये हैं, जिससे वो सात भारतीय और चार विदेशी खिलाड़ियों को खरीद सकती है। राजस्थान ने ओशेन थॉमस, एशटन टर्नर, शुभम रंजने, प्रशांत चोपड़ा, ईश सोढ़ी, ए बिरला, जयदेव उनादकट, राहुल त्रिपाठी, स्टुअर्ट बिन्नी, एस मिधुन और लियाम लिविंग्स्टोन को रिलीज़ किया है।
सबसे ज्यादा 12 खिलाड़ियों को खरीद सकती है रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 12 खिलाड़ियों को रिलीज़ किया है। अब नीलामी में RCB सबसे ज्यादा 12 खिलाड़ियों को खरीद सकती है। RCB के पास 27.90 करोड़ रुपये हैं। नीलामी में बैंगलोर छह भारतीय और छह विदेशी खिलाड़ियों को खरीद सकती है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने मार्कस स्टोइनिस, शिमरन हेटमायर, अक्शदीप नाथ, नाथन कुल्टर नाइल, कॉलिन डि ग्रांडहोम, प्रयास रे बर्मन, टिम साउथी, कुलवंत खेजरोलिया, हेनरिक क्लासेन, हिम्मत सिंह, डेल स्टेन और मिलिंद कुमार को रिलीज़ किया।
सात खिलाड़ियों को खरीद सकती है सनराइज़र्स हैदराबाद
सनराइज़र्स हैदराबाद ने IPL 2020 की नीलामी से पहले सिर्फ पांच खिलाड़ियों को रिलीज़ किया। अब SRH अगले महीने कोलकाता में होने वाली नीलामी में सात खिलाड़ियों को खरीद सकती है। हैदराबाद के पास 17 करोड़ रुपये हैं, जिससे वह दो विदेशी और पांच भारतीय खिलाड़ी खरीद सकती है। सनराइज़र्स ने यूसुफ पठान, मार्टिन गप्टिल, शाकिब अल हसन के साथ-साथ दीपक हुड्डा और रिकी भुई को भी रिलीज़ कर दिया।
नीलामी में पांच खिलाड़ियों को खरीद सकती है चेन्नई सुपर किंग्स
चेन्नई सुपर किंग्स ने IPL 2020 की नीलामी से पहले छह खिलाड़ियों को रिलीज़ किया। अब चेन्नई नीलामी में पांच खिलाड़ियों को खरीद सकती है। चेन्नई के पास 14.60 करोड़ रुपये हैं। नीलामी में चेन्नई तीन भारतीय और दो विदेशी खिलाड़ी खरीद सकती है। चेन्ऩई के पास अभी भी कुल 20 खिलाड़ी शेष हैं। CSK ने मोहित शर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज़ सैम बिलिंग्स, डेविड विली, स्कॉट कुगलैइन, ध्रुव शोरे और चैतन्य बिश्नोई को रिलीज़ किया है।