अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में ये रिकॉर्ड्स बना सकता है भारत
क्या है खबर?
2020 अंडर-19 विश्व कप में भारतीय टीम बांग्लादेश की चुनौती से निपटने के लिए तैयार है।
टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराया तो वहीं दूसरे सेमीफाइनल में बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड को हराते हुए फाइनल में जगह बनाई।
यह तीसरा मौका होगा जब दो एशियाई टीमों के बीच अंडर-19 विश्व कप का फाइनल खेला जाएगा।
एक नजर डालते हैं उन रिकॉर्ड्स पर जिन्हें भारत फाइनल में बना सकता है।
खिताबी जीत
रिकॉर्ड पांचवीं बार खिताब जीत सकता है भारत
इस अंडर-19 विश्व कप से पहले भारत अब तक चार बार इस खिताब को अपने नाम कर चुका है।
भारत ने 2000 में पहली बार अंडर-19 विश्व कप जीता था। इसके बाद 2008, 2012 और 2018 में भारत को खिताब जीतने में सफलता हाथ लगी।
इस बार फाइनल जीतकर भारत रिकॉर्ड पांचवीं बार खिताब पर अपना कब्जा जमा सकता है।
भारत लगातार दो बार अंडर-19 विश्व कप जीतने के पाकिस्तान के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर सकता है।
यशस्वी जायसवाल
स्पेशल रिकॉर्ड बना सकते हैं फॉर्म में चल रहे जायसवाल
ओपनर बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने पांच मैचों में 156 की औसत के साथ 312 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं।
फाइनल मुकाबले में 88 रन बनाने के साथ ही वह 400 के आंकड़े को छू लेंगे।
यदि वह ऐसा करने में सफल रहते हैं तो फिर एक संस्करण में 400 से ज़्यादा रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे।
शिखर धवन ने 2004 में 505 रन बनाए थे।
रवि बिश्नोई
बिश्नोई बन सकते हैं सबसे सफल भारतीय गेंदबाज
लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने अब तक 2020 अंडर-19 विश्व कप में 13 विकेट लिए हैं।
यदि वह फाइनल में दो विकेट और ले लेते हैं तो अंडर-19 विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज़्यादा सफल रहने वाले भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे।
वह अंकुल राय, कुलदीप यादव, अभिषेक शर्मा और शलभ श्रीवास्तव जैसे गेंदबाजों को पीछे छोड़ सकते हैं।
इन सभी गेंदबाजों ने एक अंडर-19 विश्व कप में 14-14 विकेट लिए हैं।
जानकारी
इन पूर्व भारतीय अंडर-19 स्टार्स को पीछे छोड़ सकते हैं जायसवाल
अंडर-19 विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज़्यादा रन बनाने के मामले में जायसवाल कुछ भारतीय स्टार्स को पीछे छोड़ सकते हैं। वह आरएस रिकी (340), चेतेश्वर पुजारा (349), सरफराज खान (355) और शुभमन गिल (372) से आगे निकल सकते हैं।