यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद भारतीय पैरा तैराक को जापान से किया गया निर्वासित
क्या है खबर?
भारतीय पैरा तैराक मोहम्मद शम्स आलम शेख को जापान की पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद भारत वापस भेज दिया गया है। उनपर होटल की एक महिला कर्मचारी के साथ यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं। इस घटना से नागोया में आयोजित एशियाई पैरा खेलों में भारतीय दल की छवि को झटका लगा है। रिपोर्ट के मुताबिक, पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया (PCI) 40 वर्षीय तैराक पर आजीवन प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रही है।
घटना
कब हुई घटना?
जापान में भारतीय दल के एक सूत्र के मुताबिक, कथित घटना सोमवार को उस होटल में हुई जहां भारतीय पैरा तैराकी टीम ठहरी हुई थी।
बताया जा रहा है कि होटल की एक महिला सफाई कर्मचारी शम्स के कमरे में अपने काम के सिलसिले में गई थी, तभी कथित तौर पर यह घटना हुई।
इसके बाद शिकायत स्थानीय आयोजन समिति और भारतीय दल के अधिकारियों के संज्ञान में लाई गई।
शिकायत
खेलों के समापन के बाद होगा आखिरी फैसला
शिकायत के बाद जापानी पुलिस ने शम्स को हिरासत में लिया और कथित घटना के एक दिन बाद मंगलवार को उन्हें भारत वापस भेजा गया।
खबरों के मुताबिक, PCI अनुशासनात्मक कार्रवाई पर विचार कर रही है, जिसमें आजीवन प्रतिबंध शामिल है।
इस संबंध में खेलों के समापन के बाद औपचारिक फैसला लिए जाने की उम्मीद है।
शम्स को एशियाई पैरा खेलों में निर्धारित स्पर्धाओं में हिस्सा लेना था, लेकिन मुकाबलों में उतरे बिना ही उन्हें भारत वापस भेज दिया गया।
परिचय
कौन है शम्स?
बिहार के रहने वाले 40 वर्षीय शम्स पैरा तैराक हैं। वह कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
विश्व पैरा तैराकी के रिकॉर्ड के मुताबिक, शम्स पुरुषों की 100 मीटर बटरफ्लाई एस-5 और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक एसबी-4 स्पर्धाओं में दुनिया के नंबर-1 तैराक भी रह चुके हैं।
उन्होंने इन स्पर्धाओं में अपनी उपलब्धियों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है और भारतीय पैरा तैराकी में अहम योगदान दिया है।
उपलब्धि
2018 के जकार्ता एशियाई पैरा खेलों में भाग ले चुके हैं शम्स
शम्स ने 2018 में जकार्ता में हुए एशियाई पैरा खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
उन्होंने 200 मीटर और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते थे। इसके बाद 2025 में रेक्जाविक अंतरराष्ट्रीय खेलों में भी उन्होंने 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
इस दौरान उन्होंने भारतीय और एशियाई रिकॉर्ड बनाए। नागोया में 2026 में होने वाले एशियाई पैरा खेलों में उन्हें लगातार तीसरी बार हिस्सा लेना था।