Page Loader
इंग्लैंड महिला टीम ने भारत को दिया 152 रनों का लक्ष्य, रेणुका ने झटके 5 विकेट
भारतीय महिला टीम इंग्लैंड के खिलाफ अहम मुकाबला खेल रही है (तस्वीर: ट्विटर/@BCCIWomen)

इंग्लैंड महिला टीम ने भारत को दिया 152 रनों का लक्ष्य, रेणुका ने झटके 5 विकेट

Feb 18, 2023
08:06 pm

क्या है खबर?

महिला टी-20 विश्व कप के 14वें मैच में शनिवार को इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले खेलते हुए 151/7 का स्कोर बनाया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की ओर से नेट साइवर ब्रंट ने सर्वाधिक 50 रन बनाए हैं। दूसरी तरफ भारत की ओर से रेणुका सिंह सबसे सफल गेंदबाज रही, जिन्होंने 15 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। आइए इंग्लैंड की पारी पर एक नजर डालते हैं।

पारी

इंग्लैंड ने की खराब शुरुआत 

इंग्लैंड की खराब शुरुआत रही। उनके 3 विकेट जल्दी गिर गए। सोफिया डंकले 10 रन के स्कोर पर आउट हो गईं। डेनिएल व्याट खाता खोले बिना रेणुका की गेंद पर आउट हुईं। रेणुका और शिखा पांडे ने नई गेंद से कसी हुई गेंदबाजी की और विपक्षी टीम को पॉवरप्ले का फायदा नहीं उठाने दिया। यही कारण रहा कि शुरुआती छह ओवरों के बाद वेस्टइंडीज की टीम का स्कोर 37/3 हो गया।

अर्धशतक

नेट साइवर ब्रंट ने लगाया शानदार अर्धशतक

ब्रंट ने मैच में कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंद में अपने करियर का 11वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने अब तक इंग्लैंड के लिए 105 मैच खेले हैं और 2,000 से ज्यादा रन बना चुकी हैं। उनका औसत 25.36 का है। इंग्लैंड की इस खिलाड़ी ने 112.64 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 82 रन है। शुरुआती 3 विकेट जल्दी गिर जाने के बाद उन्होंने ही इंग्लैंड की पारी को संभाला।

हरमनप्रीत कौर

हरमनप्रीत कौर ने बड़ा रिकॉर्ड किया अपने नाम

भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वो महिला और पुरुष क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा है। रोहित 148 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेल चुके हैं। हरमनप्रीत इंग्लैंड के खिलाफ 149वें मैच में उतरी हैं। दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड की खिलाड़ी सूजी बेट्स हैं, जिन्होंने 142 मैच खेले हैं।

गेंदबाजी

ऐसी रही भारतीय टीम की गेंदबाजी 

रेणुका ने अपने चार ओवरों में 15 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। शिखा ने भी अच्छी गेंदबाजी की और अपने चार ओवरों में 20 रन देकर एक सफलता हासिल की। दीप्ति शर्मा को भी एक विकेट मिला और उन्होंने चार ओवर में 37 रन दिए। शफाली वर्मा से भी कप्तान ने एक ओवर गेंदबाजी दी और उन्होंने 11 रन दिए। राजेश्वरी गायकवाड़ ने एक ओवर में 12 रन दिए।

रेणुका सिंह

रेणुका ने टी-20 क्रिकेट में पहली बार झटके 5 विकेट

रेणुका ने टी-20 और वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहली बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किया है। 27 साल की रेणुका की गिनती दुनिया की सबसे शानदार गेंदबाजों में होती है। उन्होंने अब तक 30 टी-20 मैच खेले हैं और 22.53 की औसत से 30 विकेट लिए हैं। उन्होंने अपना पहला टी-20 मुकाबला साल 2021 में खेला था। साल 2022 में रेणुका ने 22 मैचों में 23.95 की औसत और 6.50 की इकॉनमी से 22 विकेट लिए थे।