Page Loader
राष्ट्रमंडल खेल 2022: भारतीय महिला क्रिकेट टीम को मिला रजत, फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने हराया
हरमनप्रीत ने खेली अर्धशतकीय पारी (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

राष्ट्रमंडल खेल 2022: भारतीय महिला क्रिकेट टीम को मिला रजत, फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने हराया

Aug 08, 2022
12:47 am

क्या है खबर?

बर्मिंघम में खेले जा रहे राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा है। फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को नौ रनों से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले खेलते हुए बेथ मूनी के अर्धशतक (61) की मदद से 161/8 का स्कोर बनाया। जवाब में भारत कप्तान हरमनप्रीत कौर के अर्धशतक के बावजूद सभी विकेट खोकर 152 रन ही बना सकी।

लेखा-जोखा

ऐसा रहा रोचक मुकाबला

ऑस्ट्रेलिया ने एलिसा हीले (7) के विकेट के पतन मूनी और लैनिंग ने पारी को संभाला। मूनी ने अर्धशतक लगाकर भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना किया। आखिरी ओवरों में हेन्स ने 10 गेंदों में 18 रन बनाकर टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। दूसरी तरफ भारत से रेणुका सिंह और स्नेह राणा ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में भारत ने 22 के स्कोर तक अपने दो विकेट खो दिए। कप्तान हरमनप्रीत ने संघर्षपूर्ण पारी खेली लेकिन जीत नहीं दिला सकी।

मूनी

मूनी ने लगाया 13वां अर्धशतक

ऑस्ट्रेलिया से पारी की शुरुआत करने आई मूनी ने एक छोर से संभलकर बल्लेबाजी की और अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 13वां अर्धशतक लगाया। उनका यह भारत के खिलाफ पांचवा अर्धशतक है। मूनी ने कप्तान मैग लैनिंग के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 74 रन जोड़े। अच्छी बल्लेबाजी कर रही मूनी 41 गेंदों में 61 रन बनाकर आउट हुई। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके लगाए।

हरमनप्रीत

हरमनप्रीत ने खेली शानदार पारी

मुश्किल परिस्थितियों में बल्लेबाजी के लिए आई हरमनप्रीत कौर ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आठवां अर्धशतक लगाया। इस बीच उन्होंने जेमिमाह रोड्रिग्ज के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 96 रनों की साझेदारी की। जुझारू बल्लेबाजी कर रही हरमनप्रीत 43 गेंदों में 65 रन बनाकर आउट हुई। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और छक्के भी लगाए। यह राष्ट्रमंडल खेल 2022 में हरमनप्रीत का दूसरा अर्धशतक है।

जानकारी

जीत के करीब भारतीय टीम लड़खड़ाई

एक समय भारतीय टीम ने 14.2 ओवरों के बाद दो विकेट खोकर 118 रन बना लिए थे और टीम अच्छी स्थिति में नजर आ रही थी। हालांकि, इसके बाद विकेटों के पतझड़ सा लग गया और भारतीय टीम लक्ष्य से दूर रह गई।