भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका: टेस्ट सीरीज के लिए टीम में शामिल हुए नंद्रे बर्गर कौन हैं?
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के बीच टेस्ट सीरीज का आगाज 17 दिसंबर से होने वाला है। इस सीरीज के लिए दोनों टीमों का ऐलान कर दिया गया है।
दक्षिण अफ्रीका ने अपनी टेस्ट टीम में कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया है। तेज गेंदबाज नंद्रे बर्गर उन्हीं खिलाड़ियों में से एक हैं।
घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन कमाल का रहा है। ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
फर्स्ट क्लास
बर्गर के फर्स्ट क्लास करियर पर एक नजर
बर्गर ने अपना पहला फर्स्ट क्लास मैच साल 2016 में खेला था। बाएं हाथ के इस गेंदबाज ने 40 मुकाबले खेले हैं और 67 पारियों में 27.18 की औसत से 122 विकेट लिए हैं।
उन्होंने 8 बार 4 विकेट हॉल और 3 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/36 का रहा है। उन्होंने अपने आखिरी फर्स्ट क्लास मुकाबले में 5 विकेट झटके थे।
पहली पारी में उनके नाम 3 विकेट और दूसरी पारी में 2 विकेट थे।
खासियत
किस तरह के गेंदबाज हैं बर्गर?
बर्गर शुरुआती ओवर में गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराते हैं। इससे बल्लेबाजों को काफी परेशानी होती है।
गेंद जब स्विंग करना बंद कर देती है तो उस समय भी बर्गर खतरनाक साबित हो सकते हैं। वह अपनी गति और शॉर्ट पिच गेंदों से बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखा सकते हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाजों को बाएं हाथ के गेंदबाजों के खिलाफ परेशानी होती है। उनके चयन के पीछे यह कारण हो सकता है।
लिस्ट-A
कैसा रहा है बर्गर का लिस्ट-A करियर?
बर्गर ने लिस्ट-A करियर के 39 मैच की 38 पारियों में 28.86 की औसत से 58 विकेट लिए हैं। उनकी इकॉनमी रेट 5.10 की रही है।
उन्होंने इस दौरान 1 बार 4 विकेट हॉल और 1 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/38 का रहा है। बर्गर ने अपने लिस्ट-A करियर का पहला मुकाबला साल 2017 में खेला था।
टी-20 क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने 43 मैच में 21.07 की औसत से 51 विकेट झटके हैं।
टीम
ऐसी है दक्षिण अफ्रीका की टेस्ट टीम
दक्षिण अफ्रीका की टेस्ट टीम: तेम्बा बावुमा (कप्तान), डेविड बेडिंघम, नांद्रे बर्गर, गेराल्ड कोएत्जी, टोनी जोरजी, डीन एल्गर, मार्को येंसन, केशव महाराज, एडेन मार्करम, वियान मुल्डर, लुंगी एनगिडी, कीगन पीटरसन, कगिसो रबाडा, ट्रिस्टन स्टब्स और काइल वेरिन।
अनकैप्ड मिहलाली मपोंगवाना और डेविड बेडिंगम को भी भारत के खिलाफ सीरीज में मौका मिला है।
बर्गर को तीनों टीमों में शामिल किया गया है, जबकि बल्लेबाज बेडिंगम को टेस्ट टीम में जगह मिली है। ऑलराउंडर मपोंगवाना सिर्फ वनडे टीम का हिस्सा हैं।