LOADING...
भारत बनाम न्यूजीलैंड: ऋषभ पंत हुए चोटिल, क्या उनकी जगह कोई और कर पाएगा बल्लेबाजी?
ऋषभ पंत चोटिल हो गए (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

भारत बनाम न्यूजीलैंड: ऋषभ पंत हुए चोटिल, क्या उनकी जगह कोई और कर पाएगा बल्लेबाजी?

Oct 18, 2024
10:07 am

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच पहला टेस्ट मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। मैच के तीसरे दिन जब भारतीय टीम मैदान पर उतरी तो विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत टीम के साथ नहीं थे। उन्हें दूसरे दिन घुटने में चोट लगने के बाद मैदान छोड़ना पड़ा था। उनकी जगह ध्रुव जुरेल विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर नजर आ रहे हैं। ऐसे में आइए उनकी चोट और नियमों के बारे में जानते हैं।

नियम

कैसे लगी पंत की चोट? 

न्यूजीलैंड की पहली पारी के 37वें ओवर में रविंद्र जडेजा की गेंद को पंत नहीं पकड़ पाए। यह गेंद उनके घुटने पर जा लगी। गेंद लगने के बाद यह भारतीय बल्लेबाज असहज हो गया। इसके बाद मैदान पर तुरंत फिजियो आए और पंत जल्द ही लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए। उनकी जगह जुरेल मैदान में उतरे। गेंद पंत के दाएं पैर के घुटने पर लगी, जिसकी 2022 में कार दुर्घटना के बाद सर्जरी हुई थी।

बयान

कप्तान रोहित शर्मा ने पंत को लेकर दिया बयान 

दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने पंत को लेकर कहा, "दुर्भाग्य से गेंद उसी पैर के नीकैप पर लगी, जिस पैर की सर्जरी हुई थी। पंत के पैर में कुछ सूजन आ गई है। यह अभी काफी नाजुक है, तो अभी एतिहातन तौर पर वह मैदान से बाहर चल गया था। उम्मीद करता हूं वह जल्द से जल्द ठीक हो जाएगा।" भारतीय टीम की पहली पारी 46 रन पर खत्म हो गई थी।

नियम

पंत अगर नहीं खेले तो क्या कहते हैं नियम?

MCC नियम 24.1.2 के अनुसार इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) टेस्ट मैच विनियम कहते हैं कि कोई भी सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी गेंदबाजी या कप्तान के रूप में मुकाबले में नहीं उतर सकता है। अगर अंपायरों की सहमति होती है तो वह सिर्फ विकेटकीपर के रूप में खेल सकता है। सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी बल्लेबाजी भी नहीं कर सकता है। ऐसे में अगर पंत पूरी तरह से फिट नहीं होते हैं तो जुरेल बल्लेबाजी नहीं कर पाएंगे। वह सिर्फ विकेटकीपर के तौर पर नजर आएंगे।

हादसा

पंत के साथ हुआ था बड़ा हादसा 

पंत के साथ हादसा 30 दिसंबर, 2022 को रुड़की के नारसन बॉर्डर पर हम्मदपुर झाल के मोड़ पर हुआ था। उस समय वह कार चला रहे थे। उसी दौरान उनकी आंख लग गई थी। इसके बाद उनकी मर्सिडीज अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई थी। इससे कार में आग लग गई थी, लेकिन पंत चोट लगने के बाद भी विंडस्क्रीन तोड़कर बाहर निकल आए थे, जिससे उनकी जान बची थी। इसके बाद यह खिलाड़ी काफी दिन मैदान से दूर था।